17 अक्टूबर को अमृतसर से नई दिल्ली के लिए ब्रॉडगेज पर दौड़ेगी सौलर ट्रेन

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 09 सितम्बर 2016, 10:17 PM (IST)

कपूरथला । ब्रॉडगेज पर अमृतसर-नई दिल्ली सुपर एक्सप्रेस फिरोजपुर रेल मंडल व पंजाब की पहली सौर ऊर्जा वाले रेल डिब्बों वाली ट्रेन होगी। यह 17 अक्टूबर को अमृतसर से नई दिल्ली के लिए ब्रॉडगेज पर दौड़ेगी। उत्तर रेलवे के जीएम एके पुठिया इसका उद्घाटन अमृतसर से करेंगे।

फिरोजपुर मंडल रेलवे ने 45 लाख रुपये से इस ट्रेन के डिब्बों पर सौर पैनल लगाए हैं। फिरोजपुर मंडल रेलवे में वरिष्ठ विद्युत अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि ट्रेन के पूरे रैक को सौर ऊर्जा पर आधारित बिजली सप्लाई देने पर जो लागत आ रही है, उसकी भरपाई डेढ़ साल में हो जाएगी। रेलवे को प्रति कोच अल्टरनेटर व बैटरी के एवज में 2.5 लाख रुपये की बचत होगी। जीरो मैंटीनेंस वाले इस सिस्टम को शुरू में नान एसी वाले डिब्बों में लगाया जा रहा है। सौर पैनल एक डिब्बा छोडक़र लगाया जा रहा है। इस ट्रेन के आठ डिब्बों पर सौर पैनल लगाया जा रहा है। इससे इंजन की डीजल खपत भी कम होगी और स्पीड भी बढ़ेगी।

मंडल के डीआरएम अनुज प्रकाश व वरिष्ठ मंडल अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि सौर ऊर्जा पैनल से रेल डिब्बों को पावर सप्लाई का काम देश भर में पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरोगेज पर चलने वाली रेलगाडिय़ों के कुछ डिब्बों पर हुआ था। यह प्रयोग सफल रहने के बाद ही ब्रॉडगेज पर अब प्रयोग किया जा रहा है। डीआरएम ने बताया कि 31 मार्च तक रेलवे द्वारा इस रेलखंड पर चलने वाली सभी गाडिय़ों के 65 कोचों में सौर पैनल लगाए जा रहे हैं।