जयपुर । मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने शुक्रवार को 8 सिविल लाइन्स पर जयपुर संभाग के लोगों की परिवेदनाओं, शिकायतों और ज्ञापनों पर सुनवाई की। उन्होंने पूरी संवेदनशीलता और तन्मयता के साथ अलवर, दौसा, जयपुर, झुन्झुनूं एवं सीकर जिलों के आमजन के अभाव अभियोग सुने, अनेक समस्याओं पर ज्ञापन लिए और अधिकारियों को उनके समाधान के लिए उचित दिशा निर्देश दिए। जनसुनवाई में लोग उम्मीद के साथ आए और अपनी समस्याओं के त्वरित निराकरण के आश्वासन से विश्वास के साथ लौटे। सुनवाई में करीब 2 हजार लोगों ने मुख्यमंत्री को अपनी परिवेदनाएं बताई। इस दौरान 900 ज्ञापन प्राप्त हुए। श्रीमती राजे ने करीब तीन घंटे तक लोगों के बीच खडे़ होकर एक-एक परिवादी की शिकायत को सुना।
मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर सिद्धार्थ महाजन, नगर निगम सीईओ हेमन्त गेरा,
जयपुर पुलिस कमिश्नर संजय अग्रवाल, जयपुर विकास आयुक्त शिखर अग्रवाल सहित
पानी, बिजली, सड़क, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समस्याओं
के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कुछ प्रकरणों में अधिकारियों को मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का पता लगाने और संबंधित पक्षकारों के बीच बातचीत व आपसी सहमति से मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सम्भाग के सीकर, झुंझुनूं, दौसा तथा अलवर की समस्याओं को मुख्यालय पर दर्ज करने के साथ ही सम्बन्धित जिलों को भिजवाकर उन पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।