टोंक। विवाहिता को लोहे की गर्म छड़ से दागकर जान से मारने का प्रयास करने पर गुरुवार को पीहर पक्ष ने टोडारायसिंह थाना इलाके निवासी पति व ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पीडि़ता माया देवी के पिता हेमराज बैरवा निवासी ग्राम प्रधानगर ने बताया कि उसकी पुत्री का विवाह तीन वर्ष पूर्व ग्राम खेडूल्या निवासी कालू पुत्र घासी बैरवा से हुआ था। पुत्री को छह माह पूर्व उसने ससुराल भेजा था, लेकिन ससुराल जाने के बाद उसके पति कालू समेत सभी परिजन उससे मारपीट करते रहे। इस दौरान 5 सितंबर को उसके पति कालू पुत्र घासी बैरवा, पानी पत्नी घासी बैरवा, पोखर पुत्र घासी, भंवर लाल पुत्र घासी, रामी पत्नी पोखर, घीसी पत्नी भंवर लाल, रामस्वरूप पुत्र भैरूं, सीता पत्नी रामस्वरूप बैरवा निवासी ग्राम मोर ने उसकी पुत्री माया को जान से मारने के लिए लोहे की गर्म छड़ से दाग दिया और मारपीट कर उसका गला दबा दिया। इससे वह बेहोश हो गई। उसे मृत समझकर छोड़ दिया। हादसे के बाद रात्रि में जब माया की बेहोशी टूटी तो वह घर से निकलकर पीहर प्रधाननगर पहुंची और पिता को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुवार को थाने में मामला दर्ज कराया।