प्रसूता मृत्यु मामलों में बड़ी कार्रवाईः धौलपुर जिला प्रशासन ने दो निजी अस्पताल किए सीज

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 16 मई 2026, 6:48 PM (IST)

खास खबर। धौलपुर

जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी के निर्देश पर चिकित्सा विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने प्रसूताओं की मृत्यु एवं गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही के मामलों में शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो निजी अस्पतालों को सीज कर दिया। जिला कलेक्टर ने बताया कि शनिवार को श्री ओम हॉस्पिटल में प्रसूता अंगूरी पत्नी ओमप्रकाश, उम्र 36 वर्ष, निवासी बिजौली बाड़ी की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा के नेतृत्व में गठित मेडिकल टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तीन प्रसूताएं भर्ती पाई गईं, जिनका गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. सिद्धार्थ गोयल द्वारा परीक्षण कराया गया तथा बेहतर उपचार हेतु एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय धौलपुर में भर्ती करवाया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं एवं अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को देखते हुए जिला कलक्टर ने तत्काल अस्पताल को सीज करने के निर्देश दिए, जिस पर प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर ही अस्पताल को सीज कर दिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि कार्रवाई के क्रम में भारत हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर में पूर्व में प्रसूता बबीता पत्नी धर्मेंद्र निवासी इंदौली की मृत्यु के मामले में गठित जांच टीम द्वारा अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही मानते हुए रिपोर्ट जिला कलक्टर को प्रस्तुत की गई थी। रिपोर्ट के आधार पर जिला कलक्टर के निर्देशानुसार उक्त अस्पताल को भी प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सीज कर दिया गया।

सीएमएचओ डॉ. मीणा ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशन में जिले में संचालित सभी निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम एवं झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई लगातार जारी है। कार्रवाई के दौरान उपखंड अधिकारी कर्मवीर सिंह एवं एपिडेमियोलॉजिस्ट अखिलेश गर्ग सहित प्रशासनिक एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे