कानपुर के कल्याणपुर इलाके में विजिलेंस की टीम ने शिक्षा विभाग के एक अधिकारी को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी औरेया में शिक्षा विभाग में तैनात है। विजिलेंस की टीम का कहना है कि आरोपी यह घूस ट्रांसफर और पोस्टिंग के नाम पर ले रहा था। विजिलेंस की टीम ने सबूतों, बरामद रकम और गिरफ्तार एबीएसए को कल्याणपुर पुलिस को सौंप दिया है। जहां पुलिस मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
कल्याणपुर के नई शिवली रोड में रहना वाला उपेंद्र प्रताप सिंह शिक्षा विभाग में खण्ड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) के पद पर कार्यरत है और एबीएसए औरेया के अछलदा में तैनात है। बुधवार देर रात अनिल यादव नाम का शख्स घर पर पहुंचा और गेट के बाहर आए एबीएसए को एक पैकेट दिया। पैकेट लेकर वह उससे बात करने लगा इस बीच विजिलेंस पुलिस की 10 सदस्यीय टीम पहुंची और शिक्षा अधिकारी को नोटों के पैकेट के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। टीम अधिकारी को कल्याणपुर थाने ले आई, जहां उनसे सख्ती से पूछताछ की गई।
विजिलेंस की टीम ने बताया कि जानकारी मिली थी कि शिक्षा विभाग में ट्रांसफर पोस्टिंग के लिए शिक्षा अधिकारी घूस ले रहा है, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई कर अधिकारी को 10 हजार की रकम के साथ गिफ्तार किया है। सबूतों के आधार पर मामला दर्ज कर थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है। एक तरफ जहां रंगे हाथों पकड़े गए शिक्षा अधिकारी की जानकारी से विभाग में हड़कम्प मच गया है तो वहीं दूसरी तरफ विभाग में बड़े पैमाने पर फैले भ्रष्टाचार और धांधली की बात से इनकार नहीं किया जा सकता है।