चार्जशीट में नहीं है नाम तो संघ कैसे बना आरोपी

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 08 सितम्बर 2016, 3:10 PM (IST)

उदयपुर। महात्मा गांधी की हत्या के मामले में राहुल गांधी की ओर से जो आरोप संघ पर लगाए गए है वो बेबुनियाद है यह कहना है आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ मनमोहन वैद्य का। वैद्य ने गुरुवार को उदयपुर में संघ की राष्ट्रीय समन्वय बैठक प्रारंभ होने से पूर्व मीडिया से बात की। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों के बारें में कहा कि संघ और किसी पदाधिकारी का चार्जशीट में कोई नाम नहीं है। गौरतलब है कि आरएसएस की दो दिवसीय अखिल भारतीय राष्ट्रीय समन्वय बैठक गुरुवार से उदयपुर में प्रारंभ हो गई। उदयपुर के प्रताप गौरव केंद्र में आयोजित इस 2 दिवसीय समन्वय बैठक में 4-4 सत्रों में विभिन्न मुद्दों पर मंथन हो रहा है।

आरएसएस के सरसंचालक मोहन भागवत सहकार्यवाहक भैयाजी जोशी, राममाधव, और प्रचार प्रमुख मनमोहन वैद्य सहित करीब 40 से ज्यादा बड़े प्रमुख पदाधिकारी भाग ले रहे है। बैठक में मोदी सरकार की कार्यकाल का फीडबैक, आगामी यूपी चुनाव को लेकर चुनावी मुद्दे और संघ के आगामी एक वर्ष के कामकाज पर चर्चा हो रही हैं । बैठक में बीजेपी, बीएमएस, स्वदेशी जागरण मंच, वनवासी कल्याण परिषद्, हिन्दू जागरण मंच , विश्व हिन्दू परिषद् सहित संघ से जुड़े 32 संघठन के प्रमुख पदाधिकारी सम्मलित हो रहें है।