जयपुर। इंटरनेशनल सोलर अलायंस (आईएसए) ने एनर्जी ट्रांजिशन के क्षेत्र में राजस्थान के विद्युत वितरण निगमों की उपलब्धियों की सराहना की है। ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए स्थापित इस अन्तरराष्ट्रीय संगठन से 126 देश जुड़े हैं। आईएसए ने डिजिटल टिवन के माध्यम से ग्रिड डिजिटाइजेशन के लिए जयपुर डिस्कॉम द्वारा की गई पहल तथा विकेन्द्रित सौर ऊर्जा के हब के रूप में विकसित करने की राजस्थान डिस्कॉम्स की सक्सेस स्टोरी को अफ्रीका महाद्वीप के डिस्ट्रिब्यूशन सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के लिए भी अनुकरणीय बताया है।
इंटरनेशनल सोलर अलायंस के महानिदेशक आशीष खन्ना के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विद्युत भवन में शासन सचिव ऊर्जा तथा राजस्थान डिस्कॉम्स की चेयरमैन आरती डोगरा सहित अजमेर एवं जोधपुर विद्युत वितरण निगमों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान ने पीएम कुसुम के माध्यम से 4 हजार मेगावाट से अधिक विकेन्द्रित सौर ऊर्जा क्षमता हासिल कर ली है। विगत दो से ढ़ाई वर्ष के अल्प समय में ही प्राप्त यह अभूतपूर्व उपलब्धि है। खन्ना ने इस बात पर भी संतोष व्यक्त किया कि राजस्थान सोलर रूफ टॉप के मामले में भी देश के प्रथम तीन राज्यों में है।
इस दौरान इंटरनेशनल सोलर अलायंस तथा ग्लोबल एनर्जी एलायंस फॉर पीपुल एंड प्लेनेट के सहयोग से अजमेर विद्युत वितरण निगम के ग्रिड डिजिटाइजेशन में सहयोग पर भी चर्चा हुई।
डोगरा ने बताया कि जिस गति के साथ प्रदेश में कुसुम के प्लांट ग्रिड से जुड़ रहे हैं, इसे देखते हुए वर्ष के अंत तक इनकी कुल स्थापित क्षमता 10 हजार मेगावाट तक के स्तर तक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने राजस्थान डिस्कॉम्स के एनर्जी एफिशिएंसी के स्तर को बढ़ाने, विकेन्द्रित सौर ऊर्जा के इंटीग्रेशन, ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रिब्यूशन प्लानिंग आदि की दिशा में इंटरनेशनल सोलर अलायंस तथा जी ऐप से आवश्यक तकनीकी सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक केपी वर्मा, जयपुर, जोधपुर एवं अजमेर डिस्कॉम के निदेशक तकनीकी, अलायंस के चीफ स्ट्रैटेजिस्ट करण मनगोत्रा, ग्लोबल एनर्जी एलायंस फॉर पीपुल एंड प्लेनेट (जी ऐप) की निधि सरीन तथा आईएसए के मंजीत सिंह भी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे