प्रज्ञान ओझा के सिर में लगी गेंद, भर्ती

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 सितम्बर 2016, 9:27 PM (IST)

नई दिल्ली। दलीप ट्रॉफी के आखिरी लीग मैच में बुधवार को टीम इंडिया के गेंदबाज प्रज्ञान ओझा के सिर में चोट लग गई है। प्रज्ञान ओझा मिड ओन पर फील्डिंग कर रहे थे। प्रज्ञान को गेंद सीधे सिर में आकर लगी। वह बेहोश होकर मैदान पर गिर पडे। प्रज्ञान को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि सिर में कान के पास ऑप्टीकल रीजन पर गेंद लगी है। प्रज्ञान को ब्रेन विद् सर्वाइकल इंजरी हुई है।


दलीप ट्रॉफी का अंतिम लीग मैच इंडिया ग्रीन और इंडिया ब्लू टीमों के बीच ग्रेटर नोएडा में चल रहा है। बुधवार की शाम पारी के 63वें ओवर की पहली गेंद गोपाल ने पंकज सिंह को फेंकी थी। पंकज सिंह ने मिड ओन पर शॉट खेला। वहां खडे प्रज्ञान ओझा गेंद को पकडने के लिए झुके। गेंद ने अचानक उछाल लिया और सीधे कान के पीछे सिर में लगी। प्रज्ञान बेहोश होकर जमीन पर गिर पडे। उन्हें तत्काल एंबुलैंस से अस्पताल भेजा गया। उनका सीटी स्कैन करवाया गया है।