बहरोड़। पृथ्वी दिवस के अवसर पर क्षेत्र के भीटेड़ा स्थित बाबा खेतानाथ स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल की। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर ग्रामीणों को प्रकृति के प्रति जागरूक किया गया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रीना यादव के मार्गदर्शन में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 'पोस्टर मेकिंग' प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी कला के माध्यम से “जल बचाओ, जीवन बचाओ” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सुंदर और प्रेरणादायक पोस्टर तैयार किए। इन पोस्टरों के माध्यम से छात्राओं ने जल संरक्षण की आवश्यकता और पृथ्वी को हरा-भरा रखने के संकल्प को दर्शाया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के पी.जी. प्राचार्य डॉ. जितेंद्र यादव ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि युवा शक्ति ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। प्राचार्य ने जागरूकता अभियान के लिए छात्राओं के दल को हरी झंडी दिखाकर गांव के लिए रवाना किया।
महाविद्यालय से रवाना होकर छात्राओं का दल भीटेड़ा गांव पहुंचा, जहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। छात्राओं ने पोस्टर दिखाते हुए लोगों को समझाया कि बढ़ती गर्मी और गिरते भूजल स्तर के बीच पानी की एक-एक बूंद बचाना कितना अनिवार्य है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे