भारतीय दूत से बदसलूकी मामले में अब्दुल बासित को तलब किया

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 सितम्बर 2016, 7:43 PM (IST)

नई दिल्ली। भारत ने पाक में भारतीय दूत के प्रति दिखायी गयी अशिष्टाचार को लेकर विरोध दर्ज कराने के लिए पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित को तलब किया है। विदेश मंत्रालय की सचिव (पश्चिम) सुजाता मेहता ने पाकिस्तानी दूत अब्दुल बासित को समन जारी किया है।

विदेश मामलों के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया कि पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित को विदेश मंत्रालय ने तलब किया है और उन्हें भारतीय उच्चायुक्त के साथ की गई बदसलूकी पर भारत सरकार की चिंताओं से अवगत करा दिया गया है।

गौरतलब है कि जनवरी में पदभार संभालने के बाद यह गौतम बम्बावाले की पहली कराची यात्रा थी तथा उन्हें कार्यक्रम रद्द होने के बारे में समारोह से महज आधे घंटे पहले सूचना दी गई थी। इस कार्यक्रम का न्योता उन्हें कुछ सप्ताह पहले मिला था, और उन्होंने उसे स्वीकार भी किया था। आयोजकों ने कार्यक्रम रद्द करने का तत्काल कोई कारण नहीं बताया।

भारतीय अधिकारियों का मानना है कि कश्मीर में पाकिस्तान के हस्तक्षेप पर बम्बावाले के कल के बयान से यहां पाकिस्तानी अधिकारी नाराज हो गए, जिसके कारण यह रद्द हुआ। उच्चायुक्त ने कहा था कि कश्मीर को भारत का आंतरिक मामला बताते हुए उसमें पाकिस्तानी हस्तक्षेप की बात कही थी। अधिकारियों ने जोर देकर कहा, आयोजकों की ओर से यह बहुत असम्मानीय बात है।