इंग्लैंड-अफगान सीरीज के लिए बांग्लादेशी टीम घोषित

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 सितम्बर 2016, 6:04 PM (IST)

ढाका। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली एकदिवसीय घरेलू श्रृंखलाओं के लिए 20 सदस्यीय संभावित टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में तीन नए चेहरों को शामिल किया गया है। बोर्ड ने कहा कि एकदिवसीय श्रृंखलाओं के लिए 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की गई है।

इसी साल हुए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में बांग्लादेश की कमान संभालने वाले मेहदी हसन मिराज, तेज गेंदबाज शुभाशीष रॉय और हरफनमौला खिलाड़ी अलाउद्दीन बाबू को पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। लेग स्पिनर जुबैर हुसैन, विकेटकीपर/बल्लेबाज लिटन कुमार दास, तेज गेंदबाज कमरूल इस्लाम रब्बी और स्पिनर अराफात सन्नी को टीम से बाहर कर दिया गया है।

चयन समिति के सदस्य हबीबुल बशर ने कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला के लिए टीम इसी सूची से चुनी जाएगी। हालांकि इसकी संभावना भी कम ही है कि इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम का चयन करते वक्त इस सूची से बाहर जाया जाए, जब तक कि कुछ बुरा न हो जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम के लिए हमारी नजरें प्रारंभिक शिविर पर थीं। हम हर जगह से खिलाड़ियों को अपने साथ शामिल करने के लिए तैयार थे।


चयन समिति के अध्यक्ष मिनहाजुल अबेदिन ने कहा कि अफगानिस्तान श्रृंखला के लिए चुनी जाने वाली टीम की घोषणा 18 सितंबर को होगी। श्रृंखला 25 सितंबर से एक अक्टूबर तक खेली जाएगी। अफगानिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश को तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला खेलनी है। इसके बाद बांग्लादेश को इंग्लैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय और दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला की मेजबानी करनी है।

वनडे टीम : मशरफे बिन मुर्तजा, तमीम इकबाल, सौम्य सरकार, अनामुल हक, मुसद्दीक हुसैन, शाकिब अल हसन, महमुदुल्ला, नासिर हुसैन, मुश्फिकुर रहीम, सब्बीर रहमान, शफिउल इस्लाम, तस्कीन अहमद, रुबेल हुसैन, शुभाशीष रॉय, मेहदी हसन मिराज, मुशर्रफ हुसैन रुबेल, अलाउद्दीन बाबू, अल अमीन हुसैन।

मुदस्सर बुखारी ने एकदिवसीय क्रिकेट को कहा अलविदा


एम्स्टर्डम। नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुदस्सर बुखारी ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। हालांकि वे अपने देश के लिए टी20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। बुखारी अपने देश के लिए एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 2007 से 2014 के बीच नीदरलैंड्स के लिए 46 मैच खेले और 56 विकेट अपने नाम किए।

विश्व कप क्वालिफायर 2014 में ग्रुप दौर से बाहर होने के बाद नीदरलैंड्स ने एकदिवसीय टीम का दर्जा खो दिया है। हालांकि बुखारी का सवश्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रहा और हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वे अपने चरम पर नजर आए। उन्होंने डब्ल्यूसीएल चैम्पियनशिप में जनवरी में यूएई के खिलाफ 24 रन देकर छह विकेट हासिल किए।

बुखारी ने कुल 116 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 148 विकेट अपने नाम किए हैं। टीम में कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण उन्हें हाल ही में डब्ल्यूसीएल चैम्पियनशिप के लिए टीम में नहीं चुना गया था। टी20 में वे टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। वे खेल के इस प्रारूप में भी अहसान मलिक के साथ अपने देश के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं।

बुखारी ने 38 अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैचों में 43 विकेट अपने नाम किए हैं। बुखारी आईसीसी टी20 विश्व कप-2014 में इंग्लैंड को हराकर सबको सकते में डालने वाली नीदरलैंड्स टीम का अहम हिस्सा थे। उन्होंने इस मैच में 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे और मैन ऑफ द मैच चुने गए थे।

(IANS)