डॉ. एस.सी. मेहता का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में शामिल

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 सितम्बर 2016, 4:41 PM (IST)

बीकानेर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद -राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी) के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एस.सी. मेहता का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में शामिल किया गया है। संबंधित संस्था द्वारा डॉ. मेहता को लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में शामिल कर प्रशस्ति पत्र से नवाजा गया। इस उपलब्धि की प्राप्ति में केन्द्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एस.सी. मेहता के साथ डॉ. एस.एस. दहिया एवं परियोजना के पर्यवेक्षक राजेन्द्र कुमार, अर्जुन कुमार, आषीष कुमार, डॉ. पंकज कुमार सिंह, जितेन्द्र सिंह एवं कल्पेश अवस्थी शामिल थे।

इस उपलब्धि पर केन्द्र के निदेशक डॉ. एन.वी. पाटिल ने डॉ. एस.सी. मेहता एवं उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि लिम्का बुक ऑफ रिकॉड्र्स पुस्तक में केन्द्र का नाम दर्ज होना गौरव की बात है। इस रिकार्ड्स के माध्यम से केन्द्र अपनी उल्लेखनीय कार्यशैली एवं प्रासंगिकता के कारण भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद सहित अखिल भारतीय स्तर पर फिर चर्चा में आया है। डॉ. पाटिल ने वैज्ञानिकों को प्रोत्साहन स्वरूप बताया कि केन्द्र द्वारा प्राप्त वैज्ञानिक उपलब्धियों का लाभ जरूरतमंद ऊंट पालकों तक आधुनिक संसाधनों/माध्यमों से तेजी से पहुंचाया जाए, उष्ट्र प्रजाति के संरक्षण एवं विकास के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान एवं व्यावहारिक प्रयासों को हरसंभव स्तर पर तरजीह दी जाए।