आग से खेलती है यह नन्ही जादूगर,अब लिम्का बुक में

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 सितम्बर 2016, 4:02 PM (IST)

उदयपुर। लेकसिटी की नन्ही जादूगर आंचल की उम्र तो अभी खेलने-कूदने की है लेकिन अपने एक विशेष हुनर से यह लोगों को दांतों तले अंगुलियां दबाने पर मजबूर कर देती है। अपने हैरतअंगेज कारनामों के बल पर इस नन्ही जादूगर ने उदयपुर की पगड़ी में एक तमगा और जोड़ दिया है। अपने कारनामों के लिए इस नन्ही जादूगर का नाम लिम्का बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। आंचल द्वारा साल 2014 के नवम्बर महीने में हरिद्वार में किए ग्रेट फायर एक्ट (एडवेंचर विद फायर) को रिकाड्र्स के 2016 के एडिशन में जगह मिली है। जादूगर आंचल पूर्व में भी केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी है।

यह किया था कारनामा

हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में हुए इस रोमांचक कारनामे को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी थी। लिम्का बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुए इस फायर एक्ट में आंचल को 100 फीट लंबी स्टील की चेन से 100 तालों की सहायता से बांधकर एक बक्से में बंद किया था। आंचल के हाथों पर हथकड़ी भी लगा दी गई। बक्से को चारों ओर से लोहे की पत्तियों से वेल्ड करके क्रेन की सहायता से 100 फीट ऊंचाई से सूखे घास के बने कुएं में डालकर आग लगा दी गई थी। जलती हुई आग में से चंद सैकण्डों में बाहर निकल आंचल ने सभी को अचम्भित कर दिया। आंचल ने पिछले 19 सालों में चीन, दक्षिण कोरिया, मंगोलिया सहित देश के 16 राज्यों में जादू कला से लोगों का मनोरंजन किया है।