गृहमंत्री के आवास पर हुई सर्वदलीय बैठक

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 सितम्बर 2016, 4:00 PM (IST)

गृहमंत्री के आवास पर हुई सर्वदलीय बैठक के बाद भाजपा महासचिव राम माधव ने संवाददाताओं से कहा, सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद हमने बैठक की और जम्मू कश्मीर में भावी कार्ययोजना पर चर्चा की। सरकार बुधवार की बैठक के बाद घोषणा करेगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या केंद्र सरकार कश्मीरी अलगाववादियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की योजना बना रही है, माधव ने कहा, सभी प्रस्ताव चर्चा के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सामने रखे जाऐंगे।

कश्मीर घाटी में हिंसा का चक्र जारी है। वहां पथराव करने वालों एवं सुरक्षा बलों के बीच झड़प में 73 लोगों की जान जा चुकी है। अलगाववादियों की आहूत हड़ताल के कारण जनजीवन 61वें दिन भी ठप्प रहा। कश्मीर घाटी में अशांति आठ जुलाई को हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद से शुरू हुई थी।

गृहमंत्री सिंह ने अपने इस दौरे को सकारात्मक बताया था और लेकिन कुछ सांसदों से मिलने से इनकार करने पर अलगाववादियों की खरी खोटी सुनायी थी। कुछ सांसदों से मिलने से हुर्रियत नेताओं के बिल्कुल इनकार कर देने से नाखुश सिंह ने कहा था कि उनका बर्ताव लोकतंत्र, इंसानियत एवं कश्मीरियत के विपरीत है।

रविवार को श्रीनगर में हुर्रियत नेताओं ने अपने दरवाजे बंद कर लिए थे। सिंह ने 20 दलों के 26 सांसदों वाले प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई की थी। प्रतिनिधिमंडल दोपहर को जम्मू में रूकने से पहले रात को श्रीनगर में ठहरा था। जम्मू में कुछ घंटे रूकने के बाद वह दिल्ली लौट आया।