दौसा स्थापना दिवस की तैयारियां पूर्ण : 10 अप्रैल को सजेगा मेला, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से महकेगी देवगिरी की धरा

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 09 अप्रैल 2026, 6:02 PM (IST)

दौसा। जिला स्थापना दिवस के गौरवमयी अवसर पर 10 अप्रैल को जिला मुख्यालय उत्सव के रंग में डूबा नज़र आएगा। इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने मेले, पारंपरिक खेलकूद और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल ने बताया कि स्थापना दिवस का आगाज़ 10 अप्रैल को सुबह 8 बजे से होगा। इस दौरान जिला परिषद, जिला कलेक्ट्रेट, नेहरू गार्डन, टाउन हॉल और श्री आरके जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भव्य रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें कला के विभिन्न रंग उकेरे जाएंगे।
उत्सव की अगली कड़ी में सुबह 10:30 बजे लालसोट रोड स्थित नेहरू गार्डन में मेले का भव्य उद्घाटन होगा। यहाँ मनोरंजन के साथ-साथ पारंपरिक खेलों का तड़का भी लगेगा, जिसमें रस्साकस्सी और चम्मच दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी अपना दमखम दिखाएंगे।
स्थापना दिवस का सबसे प्रमुख आकर्षण शाम को कैप्टन श्री छुट्टनलाल मीणा टाउन हॉल में आयोजित होने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेगा। शाम 6:30 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में लोक कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। जिला प्रशासन ने सभी जिलेवासियों से इन कार्यक्रमों में सपरिवार शामिल होकर स्थापना दिवस को भव्य बनाने की अपील की है।
Keywords: Dausa Foundation Day, District Establishment Day Celebration, Cultural Program Dausa, Rangoli Competition, Local Fair Rajasthan, District Administration Dausa, 10th April Events.

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे