जालोर। जिले में चोरी की वारदात थमने की नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद चोर दुकानों और सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। मंगलवार रात चोरों ने एक साथ मेंगलवा, तिलोड़ा व बोरवाड़ा गांवों में 17 दुकानों के ताले तोड़ वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल, चोरी हुए माल व नकदी का आंकलन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात चोरों ने मेंगलवा कस्बे में 14 दुकानों के ताले तोड़े। चोर यहां से दुकानों का सामान व नकदी पर हाथ साफ कर गए। बुधवार सवेरे ग्रामीणों को दुकानों के ताले टूटे मिले तो वारदात का पता चला। दुकानदारों ने तत्काल इसकी सूचना सायला पुलिस थाने में दी।
दो और गांवों में की वारदात
सूचना पर सायला थानाधिकारी राजेंद्रसिंह राजपुरोहित मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। साथ ही फुटमार्क लेने की प्रक्रिया शुरू की। चोरों ने बोरवाड़ा चौराहे पर दो एवं तिलोड़ा में एक दुकान के भी ताले मंगलवार रात तोड़े। फिलहाल, चोरी गए माल का पूरा ब्योरा नहीं मिल पाया है। जिले में पिछले कुछ समय से चोरों की वारदात में इजाफा हुआ है। योजनाबद्ध तरीके से की जा रहा चोरियों से इसमें किसी शातिर गैंग के सक्रिय होने की आशंका है। यहां तक की चोर एक साथ दर्जनों जगह वारदात कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।