बच्चों को नदी में फेंक प्रेमी संग फरार हुई महिला

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 सितम्बर 2016, 09:30 AM (IST)

बेगूसराय। कहतें हैं जब इश्क का भूत सिर पर सवार होता है तो इंसान कुछ भी कर सकता है। ऐसा ही एक मामला बिहार के बेगूसराय में सामने आया है। यहा एक महिला अपने दो मासूम बच्चों को नदी में फेंककर प्रेमी संग फरार हो गई। नदी में मछली पकड रहे मछुआरों ने बच्चों को बचा लिया। घटना बेगूसराय के नीमाचांदपुरा थाना क्षेत्र की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रचियाही गांव निवासी सुरेश शर्मा की पत्नी अपने मायके सिसौनी गांव में रहती है।


सुरेश की पत्नी मंगलवार को अपने मायके वालों को डॉक्टर के पास दवाई लेने की बात कहकर घर से निकली। महिला के साथ उसके दो बच्चे चार वर्षीया अन्नू कुमारी एवं डेढ वर्षीया साक्षी कुमारी भी थी। महिला ने रास्ते मेें इस्का पुल के पास अपने दोनों बच्चों को नदी में फेंक दिया और वहां से फरार हो गई। पानी में बच्चों के गिरने की आवाज सुन कर नदी में मछली पकड रहे मछुआरों की नजर उन पर पड़ी।


मछुआरों ने दोनों बच्चों को नाव के सहारे पानी से बाहर निकाला व इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बच्चों का पिता और नाना नानी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला के पति ने लाखो पंचायत निवासी गोविंद कुमार पर पत्नी को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत की है।