अजमेर। हाइवे पर मंगलवार को पैदल जा रही दो महिलाओं को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। इस दौरान वहां से रूपनगढ़ के दौरे पर निकली पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ ने घायल महिलाओं को देख अपनी गाड़ी रुकवाई। उन्होंने अपनी गाड़ी से ही दोनों महिलाओं को रूपनगढ़ के अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में केवल दो ही कंपाउंडर होने के कारण महिलाओं का प्राथमिक उपचार कर उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर करवाया।
इससे पहले पूर्व मंत्री अख्तर ने रूपनगढ़ क्षेत्र के लोगों से हाल जाने और चर्चा की। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने वर्तमान सरकार के कामकाज के बारे में जानकारी ली और कहा कि राज्य सरकार आम आदमी की परेशानी को हल नहीं कर पा रही है।