विश्व क्षय रोग दिवस: 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 24 मार्च 2026, 5:18 PM (IST)

खास खबर। डीग

राज्य सरकार के निरोगी राजस्थान के संकल्प और राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मंगलवार को विश्व क्षय रोग (टीबी) दिवस के अवसर पर पंचायत समिति सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिला कलेक्टर उत्सव कौशल की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में जिले को पूर्णतः टीबी मुक्त बनाने की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंघल विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने विभागीय प्रगति का ब्यौरा प्रस्तुत किया।

बैठक में 24 मार्च 2026 से प्रारंभ होने वाले 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस वर्ष क्षय रोग दिवस की वैश्विक थीम Yes! We Can End TB! Led by Bharat. Powered by Janbhagidari निर्धारित की गई है। राज्य सरकार की नीतियों के अनुरूप इस अभियान में सामुदायिक सहयोग और जनभागीदारी को अधिकतम बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया है।

चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जिले में घर-घर स्क्रीनिंग एवं सघन जांच का अभियान चलाएं। विभाग द्वारा आमजन को जागरूक किया जा रहा है कि टीबी के प्रारंभिक लक्षण— जैसे लगातार खांसी आना, बुखार रहना और वजन कम होना— परिलक्षित होने पर रोगी शीघ्र ही निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें।

जांच उपरांत पात्र पाए जाने पर राज्य सरकार द्वारा रोगियों को निःशुल्क जांच, दवा एवं पूर्ण उपचार प्रबंधन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी प्रकार की शंका या जानकारी के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800116666 पर भी संपर्क किया जा सकता है। समीक्षा बैठक में निक्षय पोषण योजना के क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

राज्य सरकार द्वारा टीबी रोगियों के उचित पोषण और त्वरित स्वास्थ्य लाभ के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 1000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता सीधे रोगियों के बैंक खाते में हस्तांतरित की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शत-प्रतिशत पात्र रोगियों को इस योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए, ताकि टीबी हारेगा, देश जीतेगा का राष्ट्रीय लक्ष्य पूर्णतः सिद्ध हो सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे