धौलपुर। हिन्दुओं की सबसे बड़ी छठ यानी देवछठ पर लगने वाले मचकुंड मेला का शुभारम्भ मंगलवार को संतों के शाही स्नान के साथ हो गया। ऋषि पंचमी से छठ तक चलने वाले इस मेले की शुरुआत करते हुए ग्वालियर, मुरेना, अयोध्या, वृन्दावन, मथुरा एवं अन्य स्थानों से आए हुए संतों की सवारियां बैंड-बाजों के साथ मंगल भारती मंदिर से शुरू होकर मचकुंड सरोवर पहुंचीं। जहां संतों ने सरोवर में शाही स्नान कर दो दिन चलने वाले मचकुंड मेले का शुभारम्भ किया।
तीर्थों का भांजा है मचकुंड
ऐतिहासिक मचकुंड मेला में उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के आस-पास के क्षेत्रों से लाखों की तादाद में श्रद्धालु सरोवर में डुबकी लगाने पहुंचते हैं। मचुकुंदु महाराज को सभी तीर्थों का भांजा कहा जाता है। मान्यता है कि उनके बनवाए मचकुंड सरोवर में देवछठ वाले दिन स्नान करने से पुण्य लाभ मिलता है। छठ तक चलने वाले इस मेले में राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु सरोवर मे स्नान करेने यहां पहुंचते हैं।