काशी में कल लोलार्क छठ का मेला लगने जा रहा है। लोलार्क छठ का मेला काशी के लोलार्क कुंड में लगता है। भाद्रपद के शुक्लपक्ष की षष्ठी को लगने वाले इस मेले की अपनी पौराणिक मान्यताएं हैं। सदियों पुरानी धारणाओं के अनुसार भाद्रपद के शुक्लपक्ष की षष्ठी तिथि को लोलार्क कुण्ड में स्नान करने से चर्मरोग और चर्मविकार जैसी समस्याओं से लोगों को मुक्ति मिल जाती है। यही नहीं जिन दम्पति को सन्तान नहीं हो रही हो वो सन्तान होने की कामना से लोलार्क कुंड में डुबकी लगाते हैं। यहां स्नान करने के लिए आज से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। आस-पास छोटी-छोटी दुकानें भी सजने लगी हैं।
आस्था और विश्वास के इस महापर्व को सकुशल संपन्न कराना प्रशासन के लिए बहुत बड़ी चुनौती है। क्योंकि लोलार्क कुंड जहां लोलार्क छठ का मेला लगता है काशी की तंग गलियों के बीच स्थित है। जहां स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ आने की संभावना है। इतनी भारी भीड़ के साथ सकुशल इस महापर्व को संपन्न कराना ही अपने आप में बड़ी चुनौती है।
फिलहाल प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। प्रशासन ने हरिश्चन्द्र घाट (सोनारपुरा) से लगायत मुमुक्ष भवन (अस्सी-लंका मार्ग) तक जबरदस्त बैरीकेटिंग कर दी है, इसके अलावा प्रशासन ने इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैरीकेटिंग के ऊपर कपड़े द्वारा छाया भी किया है ताकि किसी को धूप से परेशानी नहीं हो। इस महापर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पांच सीओ, दस थानाध्यक्षों, पचास दारोगा और दो सौ से अधिक जवानों के अलावा दो ट्रक पीएसी और एनडीआरएफ को भी लगा रखा है।