आदिनाथ जयंती आज, हाथी-घोड़ा व बैंड के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 11 मार्च 2026, 5:40 PM (IST)

टोंक। जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर देवाधिदेव 1008 भगवान आदिनाथ का जन्म कल्याणक गुरुवार को श्री आदिनाथ दिगंबर जैन नसियां में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। यह आयोजन आचार्य इन्द्र नंदी जी महाराज, बालाचार्य निपूर्ण नंदी जी महाराज तथा गणिनी आर्यिका 105 स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में सम्पन्न होगा।
इससे पूर्व बुधवार को श्री दिगंबर जैन नसियां में स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में आनंद यात्रा की गई। इसके पश्चात माता-पिता की गोद भराई कार्यक्रम आयोजित हुआ। महिला मंडल द्वारा विनतियां एवं भजनों का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
11 मार्च को प्रातः मानस्तंभ पर पंचामृत अभिषेक किया गया। इस अवसर पर आचार्य इन्द्र नंदी जी महाराज, आचार्य निपूर्ण नंदी जी महाराज एवं स्वस्ति भूषण माताजी के मंगल प्रवचन हुए। दोपहर में महिला मंडल द्वारा म्यूजिकल प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा सायंकाल सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नाटिका प्रस्तुत की गई।
समाज प्रवक्ता पवन कंटान एवं विकास जागीरदार ने बताया कि गुरुवार को आदिनाथ जयंती पर प्रातःकाल श्रीजी को रथ में विराजित कर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा जैन नसियां से रवाना होकर बड़ा कुआं, काफला बाजार होते हुए घंटाघर तक जाएगी और पुनः नसियां में पहुंचेगी।
शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, श्रीजी का रथ तथा नैनवा एवं निंबाहेड़ा का बैंड मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके पश्चात पंचामृत अभिषेक एवं दूध से शांतिधारा का कार्यक्रम होगा। दिन में आदिनाथ महामंडल विधान तथा सायंकाल 1008 दीपों से आरती, प्रवचन, स्वाध्याय, शास्त्र सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर जैन समाज के पदमचंद आडरा, महावीर प्रसाद देवली, नरेंद्र फागी, धर्मचंद पत्तल-दोना, विकास जागीरदार, विकास अग्रवाल, ओम ककोड़, कमल सर्राफ, मुकेश बरवास, नीटू छामुनिया, रिंकू बोरदा, मनीष फागी, जितेंद्र बनेठा, पप्पू नमक, बाबूलाल रानोली सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे