योगी आदित्यनाथ क्यों हैं गुस्से में

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 05 सितम्बर 2016, 9:59 PM (IST)

गोरखपुर।कुछ चन्द उपद्रवियों के सामने पुलिस घुटना टेक चुकी है। इस प्रकार की पुलिसिंग व्यवस्था ही कानून व्यवस्था की बदतर स्थिति के लिये जिम्मेदार है। उक्त बातें गोरक्षपीठाधीश्वर एवं गोरखपुर के सांसद महन्त योगी आदित्यनाथ ने इलाहीबाग में गणेश प्रतिमा की स्थापना के समय पुलिस पर एक वर्ग विशेष के उपद्रवी तत्वों के पथराव पर अपनी प्रतिक्रिया में व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि पुलिस उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय निर्दोष हिन्दुओं को ही प्रताड़ित कर रही है। इलाहीबाग के लाला टोली में एक हिन्दू परिवार अपने परिसर में गणेश प्रतिमा रखी थी। उस पर किसी प्रकार का कोई प्रतिबन्ध नही। घर के अन्दर या परिसर में कोई भी व्यक्ति पूजा करने, धार्मिक व मांगलिक का कार्यक्रम करने के लिए स्वतंत्र है। परम्परा की बात सार्वजनिक स्थलों पर लागू होती है, वहीं के लिए अनुमति की आवश्यकता होती है। पुलिस प्रशासन अपनी नाकामयाबियों को छुपाने के लिए हिन्दू पर्व तथा त्योहारों पर बाधा डालने का प्रयास कर रहा है जिसे कतई बर्दाश्त नही किया जायेगा।

एक महीने में तिवारीपुर थाना क्षेत्र में दूसरी बार पुलिस पर हमला हुआ है। पुलिस अधिकारी अपनी जान-बचाकर भाग जाते है। अभी तक दोनों घटनाओं में कोई कार्यवाहीं नही हुई। इस प्रकार की घटनाओं पर पुलिस प्रशासन का मौन, उपद्रवी तत्वों का दुस्साहस बढ़ाता है। यह दुस्साहस की ही पराकाष्ठा है कि पिछले दिनों गुलरिहा थाना क्षेत्र के ग्राम चक्खान मोहम्मद में मस्जिद और आस-पास के घरों में पाकिस्तानी झण्डा लगाये गये, उस पर भी पुलिस प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। योगी ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि तीनों घटनाओं में जिम्मेदार उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कार्यवाहीं करें अन्यथा इनके खिलाफ राष्ट्रवादी संगठनों को सड़क पर उतरना पड़ेगा।