बसपा के बाद समाजवादी पार्टी भी चुनावी अभियान में...

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 05 सितम्बर 2016, 5:24 PM (IST)

बसपा के बाद अब समाजवादी पार्टी भी अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रही है। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव 7 अक्टूबर से अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ से इसकी शुरुआत करेंगे। गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव ने 2012 में भी आजमगढ़ से ही चुनावी अभियान की शुरुआत की थी।

उत्तर प्रदेश विधान सभा का चुनाव परिणाम इस बार पूर्वांचल केंद्रित होगा। पहली बात तो मायावती आजमगढ़ में रैली कर चुकी हैं और दूसरी ये कि आजमगढ़ मुलायम सिंह यादव का संसदीय क्षेत्र भी है। यही कारण है कि मुलायम सिंह यादव मायावती से बड़ी लकीर खींचना चाह रहे हैं।

आजमगढ़ केवल पूर्वांचल ही नहीं बल्कि प्रदेश और देश के लिहाज से भी बहुत महत्वपूर्ण है। यदि राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो 1975 के जयप्रकाश नारायण आंदोलन के दौरान भी यह जिला सबसे अहम केंद्र था। 1977 में यहीं के सांसद राम नरेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला था।

1978 में जब रामनरेश यादव के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हुआ तो कांग्रेस की मोहसिना किदवई को जीत मिली और यहीं से दोबारा कांग्रेस को उठ खड़ा होने का मौका मिला। जब 1989 में पूरे देश में बोफोर्स की लहर में जनता दल का प्रभाव था तब आजमगढ़ में बसपा को खाता खोलने का मौका मिला था, इसलिए भी आजमगढ़ को बहुत ही अलग नजरिए से देखा जाता है। शायद यही कारण है कि मुलायम सिंह यादव अपने चुनावी युद्ध का शंखनाद यहीं से करना चाहते हैं।