सूचना आयोग के फैसले पर राजस्थान हाईकोर्ट की सख्ती; नोटिस जारी कर मांगा जवाब

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026, 7:09 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ ने राज्य सूचना आयोग के एक फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए कड़ा रुख अपनाया है। न्यायालय ने सूचना आयोग और जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के लोक सूचना अधिकारी को नोटिस जारी कर पूछा है कि उनके खिलाफ दायर रिट याचिका पर क्यों न दंडात्मक कार्रवाई या आदेश को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

यह मामला सांगानेर निवासी अशोक मेहता से जुड़ा है, जिन्होंने जयपुर विकास प्राधिकरण (जोन-14) से सूचना के अधिकार के तहत कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी थीं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर मामला राज्य सूचना आयोग तक पहुंचा। 13 अक्टूबर 2025 को राज्य सूचना आयुक्त मोहन लाल लाठर ने अपील संख्या RIC/JPRM/A/2025/012406 पर अपना फैसला सुनाया।

याचिकाकर्ता का आरोप है कि सूचना आयुक्त द्वारा दिया गया यह फैसला आरटीआई अधिनियम, 2005 की मूल भावना और कानूनी प्रावधानों के पूरी तरह खिलाफ था। इसी 'अवैध' आदेश को चुनौती देने के लिए अशोक मेहता ने संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत हाईकोर्ट में सिविल रिट याचिका (संख्या 20536/2025) दायर की। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति गणेशराम मीणा की एकल पीठ के समक्ष इस मामले की सुनवाई हुई।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रदीप राजपुरोहित ने पक्ष रखते हुए दलील दी कि सूचना आयोग ने कानून के दायरे से बाहर जाकर निर्णय लिया है। सुनवाई के बाद अदालत ने आदेश दिया कि प्रतिवादियों को नोटिस जारी किए जाएं, जिनका जवाब चार सप्ताह के भीतर देना होगा। यह आदेश 16 फरवरी 2026 को जारी किया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे