AAPपर टिकट के बदले यौन शोषण के आरोप,संजय सिंह ने नकारे

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 05 सितम्बर 2016, 09:00 AM (IST)

नई दिल्ली। संदीप कुमार, विशाल ददलानी और सुच्चा सिंह जैसे मामलों में पहले से परेशानी में घिरी अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब पार्टी के ही एक विधायक ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिख पार्टी में कथित रूप से बढ़ रहे व्यभिचार के मामलों की शिकायत की है। राजनीतिक हलकों में इस पत्र को ‘लेटर बम’ कहा जा रहा है। बिजवासन क्षेत्र से पार्टी के विधायक देवेंद्र सहरावत ने इस विषय में मुख्यमंत्री केजरीवाल को पत्र लिखा है। सहरावत ने लिखा है कि उन्होंने पंजाब और दिल्ली में आप के वरिष्ठ नेताओं द्वारा महिलाओं के शोषण किए जाने की बात सुनी है। हालांकि उन्होंने यह भी लिखा है कि इन मामलों की पुष्टि के लिए उनके पास कोई सबूत नहीं है।

संजय सिंह ने बेबुनियाद बताया...


टिकट के बदले यौन शोषण के आरोपों पर आप नेता संजय सिंह ने सफाई दी। संजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अगर आरोप साबित होते हैं तो वे राजनीति से सन्यास ले लेंगे। उन्होंने कहा कि ये पूरी साजिश बीजेपी-अकाली दल की है। उन्होंने ये भी कहा कि आम आदमी पार्टी को निशाना बनाया जा रहा है और झूठे आरोपों से घेरा जा रहा है। उन्होंने तमाम आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया।


चुनावी टिकट की आड़ में ‘खेल’

सहरावत ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में लिखा है कि मैंने पंजाब में चुनावी टिकट के बदले या फिर टिकट दिलाए जाने के वादे पर महिलाओं का शोषण किए जाने की परेशान करने वाली खबरें देखी हैं। मैं चंडीगढ़ में लोगों से मिल रहा हूं। दिल्ली के विधायकों को पंजाब में पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा की जाने वाली इन हरकतों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने आगे लिखा है कि एक अन्य वरिष्ठ पार्टी सदस्य दिल्ली में भी ऐसा ही कर रहे हैं। लड़कियों के साथ उनकी तस्वीरें नियमित तौर पर आती रहती हैं। स्थिति शर्मनाक होती जा रही है।

पार्टी ने खारिज किया आरोप

आप ने सहरावत के इस पत्र को गुस्से में लिखा गया बताते हुए खारिज कर दिया है। पार्टी ने कहा है कि वह इस पत्र पर कोई प्रतिक्रिया नहीं करेगी। दिल्ली में आप के संयोजक दिलीप पाण्डेय ने कहा कि सहरावत के पास अपने दावों की पुष्टि के लिए कोई सबूत नहीं है। एक विधायक के तौर पर वह जानते हैं कि पार्टी के अंदर किस मंच पर अपनी चिंताओं को सामने रखा जा सकता है। उधर, सहरावत ने एक सरकारी प्रवक्ता को भेजे गए एक अन्य पत्र में लिखा है कि पार्टी के अंदर के इस ‘व्यभिचार’ के कारण वह काफी दुखी हैं। उन्होंने लिखा है, महत्वपूर्ण पद संभालने वाले मंत्री व्यभिचार के गंभीर आरोपों में घिरे हैं। मेरे मतदाता मुझसे सवाल कर रहे हैं।