अधिकारी- कर्मचारी गुड गवर्नेंस पैरामीटर पर काम करें, आमजन को दें गुणवत्तापूर्ण सेवाएं : सुराणा

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 19 जनवरी 2026, 5:44 PM (IST)

चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को डीओआईटी वीसी सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा गणतंत्र दिवस समारोह, ग्राम शिविरों, सबको बीमा अभियान, अवैध खनन, आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम, 20 सूत्री कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को समुचित निर्देश दिए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अधिकारी— कर्मचारी गुड गवर्नेंस पैरामीटर पर काम करें और आमजन को गुणवत्तापूर्ण विभागीय सेवाएं उपलब्ध करवाएं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और विभागीय सेवाओं के संबंध में किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर उन्होंने सभी एसडीएम को 23 जनवरी से प्रत्येक आईएलआर सर्किल पर आयोजित किए जाने वाले एक दिवसीय विशेष शिविरों को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्देशानुसार शिविरों के आयोजन को लेकर शेड्यूल तैयार किया जाए और बेहतरीन प्रबंधन करते हुए समुचित ढंग से गतिविधियां संपादित की जाएं। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी को बसंत पंचमी के अवसर से शुभारंभ होकर 24, 25 व 31 जनवरी, 01 फरवरी तथा 05 से 09 फरवरी के बीच में प्रत्येक आईएलआर सर्किल पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिविरों के दौरान किए जाने वाले कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रचार—प्रसार के लिए जन संवाद आधारित आईईसी कार्यक्रम को लेकर निर्देश दिए और कहा कि राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशानुसार समयबद्ध ढंग से सभी गतिविधियां संचालित की जाएं।

सुराणा ने गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं ताकि ऐनवक्त पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारी, कर्मचारी सौंपे गए दायित्वों का समुचित निर्वहन करें और गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने उपखंड स्तर पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह तथा जिला स्तर पर गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर समुचित निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने सभी एसडीएम व बीडीओ को पालनहार योजना तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के भौतिक सत्यापन पूर्ण करने का निर्देश दिए।
उन्होंने डिस्कॉम के अधिकारियों को पीएम सूर्यघर योजना अंतर्गत आमजन को प्रोत्साहित करते हुए सोलर संयंत्र लगवाने हेतु प्रेरित करने की बात कही। इसी के साथ ई—फाइल व व ई— डाक पेंडेंसी पर जोर देते हुए कहा कि पेंडेंसी को समाप्त करें तथा खुली फाइलों को निस्तारित करें व एवरेज डिस्पोजल टाइम को कम करें। फील्ड स्तरीय अधिकारी फील्ड में काम करें और सुनिश्चित करें कि विद्युत आपूर्ति एवं डिस्कॉम की सेवाओं के संदर्भ में किसी प्रकार की कोई शिकायत ना रहे। अधिकारी, कर्मचारी जवाबदेही से काम करें और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना अंतर्गत आमजन से सहमति प्राप्त कर तथा वेंडर सलेक्शन प्रक्रिया पूर्ण करने व सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए विस्तृत निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा अधिकारियों को पीएमश्री योजना अंतर्गत शामिल विद्यालयों में एकेडमिक आउटकम्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, खेल मैदान, आईसीटी लैब, बजट उपयोग, उपस्थिति आदि को लेकर चर्चा की और अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक उपखंड अधिकारी को महीने में एक बार पीएमश्री स्कूलों के निरीक्षण के निर्देश दिए।

उन्होंने संपर्क पोर्टल पर पंजीकृत परिवादों में से असंतुष्टि वाले परिवादों पर प्रकरणवार विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित व संतुष्टिपूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी व्यक्तिगत स्तर से संपर्क पोर्टल परिवादों को देखें तथा असंतुष्ट परिवादियों को संतुष्ट करें। इस संदर्भ में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो और सुनिश्चित करें कि पोर्टल पर स्पष्ट व समुचित एंट्री की जाए।

सुराणा ने चाइल्ड लाइन द्वारा रोके गए बाल विवाहों की पुनः जांच, हरियालो राजस्थान अभियान अंतर्गत लगाए गए पौधों का वेरिफिकेशन करने, नशा मुक्ति केंद्रों और गांवों में जल जीवन मिशन के कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के कार्यों की जांच, डीएमएफटी अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, अटल ज्ञान केन्द्रों, ओपन जिम, रिचार्ज शाफ़्ट, पंच गौरव योजना अंतर्गत स्वीकृत कार्यों में टेंडर जारी करने व कार्य प्रारंभ करने, मानसून— 2025 के दौरान क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत कार्य पूर्ण करने, खसरा— रूबेला टीकाकरण व टीकाकरण में गैप को कम करने, एनएफएसए आवेदनों को निस्तारित करने, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत लक्ष्यविरूद्ध अपेक्षित प्रगति लाने सहित विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए।

एडीएम अर्पिता सोनी ने निर्वाचन गतिविधियों के बारे में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
सीईओ श्वेता कोचर ने शिविरों के लिए तैयारियों व प्रबंधन, डीएमएफटी अंतर्गत स्वीकृत एवं मानसून— 2025 के दौरान क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।

इस दौरान डीसीएफ भवानी सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे व वीसी के जरिए सभी उपखंडों से उपखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।


आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम और बीस सूत्री कार्यक्रम को लेकर दिए निर्देश

जिला कलक्टर ने आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम और बीस सूत्री कार्यक्रम की मासिक समीक्षा बैठक में कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की और संबंधित विभागों को नियमित मॉनीटरिंग करने और इंडिकेटर्स की शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए विस्तृत निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को राजीविका के तहत स्वयं सहायता समूहों को रिवोल्विंग फंड का वितरण बढ़ाने व प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत आवास निर्माण की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। नीति आयोग के आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम अन्तर्गत आशान्वित ब्लॉक राजगढ़ के लिए चिकित्सा विभाग को संस्थागत प्रसव, एएनसी रजिस्ट्रेशन शत-प्रतिशत करने, जन्म के समय कम वजन वाले शिशुओं की संख्या कम करने के लिए पोषण व स्वास्थ्य गतिविधियां बढ़ाने की बात कही। आईसीडीएस अधिकारियों को आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पेयजल कनेक्शन की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने, शिक्षा अधिकारियों को 10 वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों के प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने के लिए प्रयास करने और गुणवत्तापूर्ण परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुरु गोलवलकर आकांक्षी विकास योजना के तहत गतिविधियों की भी समीक्षा की।
सीपीओ भागचंद खारिया ने रूपरेखा प्रस्तुत की।


अवैध खनन गतिविधियों पर हो प्रभावी कार्रवाई

इस अवसर पर जिला कलक्टर ने जिला स्तरीय खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध
खनन निगरानी समिति की बैठक में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में अवैध खनन व परिवहन गतिविधियों की जांच करें। अवैध खनन, ओवरलोडिंग व बगैर लाइसेंस संचालित होने वाले वाहनों की जांच करें। रेवेन्यू, पुलिस व खनन विभाग के अधिकारी समन्वित ढंग से कार्रवाई करें। राजस्व अर्जन को लेकर लक्ष्यों को प्राप्त करें तथा पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां आयोजित करें।
उन्होंने जिले में अवैध खनन/ निर्गमन की रोकथाम हेतु आवश्यक कार्रवाई करने, पर्यावरण संरक्षण व पौधरोपण हेतु आवश्यक कदम उठाने, पट्टाधारियों/ क्वॉरी लाइसेंसधारकों की समस्याओं का निराकरण करने, वन संरक्षण अधिनियमों, पर्यावरण संरक्षण अधिनियमों व संबंधित नियमों को खनन गतिविधियों में प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समुचित निर्देश दिए।
सहायक खनि अभियंता नौरंगलाल मेघवाल ने विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।


सबको बीमा अभियान को लेकर दिए निर्देश

जिला कलक्टर ने सबको बीमा अभियान अंतर्गत अपेक्षित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को जागरूक करें तथा प्रत्येक वंचित को बीमा का लाभ दें। ग्राम स्तर तक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं और सभी विभागों को समुचित समन्वय रहे। बीमा कंपनी प्रतिनिधि अपेक्षित गतिविधियां सुनिश्चित करें।

निर्वाचन गतिविधियों को लेकर निर्देश

उन्होंने सभी ईआरओ को एसआईआर व निर्वाचन गतिविधियों को लेकर समुचित निर्देश दिए। उन्होंने जारी नोटिसों में सुनवाई, फॉर्म डिस्पोजल, डॉक्यूमेंट अपडेशन आदि की समीक्षा की और सभी ईआरओ को लंबित फॉर्म के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे