जैसलमेर। द्वारकाधीश भगवान श्रीकृष्ण के कुलयुगी अवतार बाबा रामदेव की समाधी के मस्तक पर स्वर्ण मुकूट प्रतिष्ठापन्न के साथ 632वां अंतर प्रांतीय बाबा रामदेवरा मेला शनिवार से शुरू हो गया। जैसलमेर जिला कलक्टर मातादीन शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक गौरव यादव ने श्रृद्धाभावना सहित बाबा रामदेव जी की समाधी के दर्शन किए तथा समाधी का पंचामृत से अभिषेक किया।
उन्होंने समाधी पर इत्र एवं प्रसाद चढ़ाया एवं समाधी पर चंवर ढुलाया तथा बाबा के अखण्ड जौत के दर्शन किए एवं मंदिर परिसर का भ्रमण कर मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंगला आरती के अवसर पर दूध , दही , सहद ,इत्र एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। बाबा को मेवा मिष्ठान एवं मिश्री का भोग लगाया गया। पूजारी कमल छंगाणी के साथ ही बाबा के वंशज तंवर समाज के गणमान्य नागरिक भी मंगला आरती के अवसर पर उपस्थित थे।
बाबा की समाधी पर नई चादर चढ़ाई गयी एवं शनिवार को प्रातः बाबा की भोग आरती की गई। मंगला आरती के अवसर पर मंदिर के प्रमुख प्रवेश द्वार के खुलते ही मेलार्थी बाबा के जयकारे लगाते हुए बड़े उत्साह के साथ निज मंदिर में प्रवेश किया। अनेक श्रृद्धालुओं ने बाबा की बीज के अवसर पर अपने ईष्टदेव के दर्शन कर अपने आप को धन्य महसूस किया।