हिंगलाज माता मंदिर में गूंजे भक्ति के स्वर : दो दिवसीय पाटोत्सव में उमड़ी आस्था, मां हिंगलाज का विशेष पूजन हुआ

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 16 जनवरी 2026, 1:07 PM (IST)

जोधपुर। रामराज्य नगर के रिछा भाखर पर ब्रह्मलीन बलवंतगिरी महाराज आश्रम स्थित श्री हिंगलाज माता मंदिर में शुक्रवार को 14वें पाटोत्सव का शुभारम्भ हुआ। जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार, संतों का सम्मान, भजन-कीर्तन एवं संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया। पाटोत्सव में भक्तों ने भारी संख्या में भाग लिया।
चौखा स्थित हिंगलाज माता मंदिर में पाटोत्सव के पहले दिन शुक्रवार को मंदिर परिसर में भगवान की प्रतिमाओं के साथ आकर्षक फूल मण्डली भी सजाई गई। मंदिर में हिंगलाज माता का विशेष श्रृंगार किया गया। पाटोत्सव कार्यक्रम में शहर और बाहर से आए साधु संतों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम को लेकर सुबह माता का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। वहीं महिला भजन मण्डली की और से भजनों की प्रस्तुति दी गई। महिलाओं ने भगवान गणेश, शंकर, सद्गुरूदेव और माता रानी के भजनों की प्रस्तुतियां दी तो उपस्थित श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। कार्यक्रम को लेकर पिछले कई दिनों से मंदिर परिसर में तैयारियां की जा रही थी।
पाटोत्सव के पहले दिन मंदिर परिवार भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। मण्डल महन्त सर्वानन्द गिरी महाराज ने बताया कि इस दो दिवसीय पाटोत्सव के तहत शनिवार को बिजोलाई बालाजी आश्रम के महामंडलेश्वर सोमेश्वरगिरी महाराज का चरण अभिषेक किया जायेगा। पाट उत्सव में आए अहमदाबाद के महन्त नवलगिरी महाराज के अलावा अन्य संतों का भी माला पहनाकर अभिनन्दन किया जायेगा। अंत में महाप्रसादी का वितरण किया जायेगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे