नई दिल्ली। कांग्रेस ने एक कंपनी के विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र
मोदी का फोटो इस्तेमाल करने पर सख्त ऎतराज जताया है। पार्टी ने
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से पूछा है कि क्या फोटो इस्तेमाल करने से
पहले कंपनी ने इसकी इजाजत ली थी। यदि अनुमति नहीं ली गई, तो पीएमओ कंपनी के
खिलाफ फौरन सख्त कार्रवाई कर स्थिति को स्पष्ट करे।
पार्टी प्रवक्ता अजय माकन ने शुक्रवार को कहा कि सरकारी विज्ञापन में भी
प्रधानमंत्री का फोटो इस्तेमाल करने के कुछ नियम तय हैं। विज्ञापन जारी
करने से पहले सभी मंत्रालयों को पीएमओ से फोटो इस्तेमाल करने की इजाजत लेनी
होती है। ऎसे में पीएमओ को बताना चाहिए कि क्या कंपनी ने फोटो इस्तेमाल
करने की अनुमति ली थी।
माकन ने कहा कि यदि पीएमओ ने कंपनी को प्रधानमंत्री का फोटो इस्तेमाल करने की इजाजत दी थी, तो क्या पीएमओ टॉफी और दूध के विज्ञापन में भी प्रधानमंत्री का फोटो इस्तेमाल करने की अनुमति देगा। उन्होंने कहा कि पीएमओ को यह ध्यान रखना चाहिए कि प्रधानमंत्री पूरे देश के हैं, उन्हें किसी कंपनी के साथ नहीं दिखना चाहिए।