जब कार्यकर्ताओं ने झोंक दी ताक़त...

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 02 सितम्बर 2016, 5:10 PM (IST)

इलाहाबाद में 4 सितंबर को होने वाली बीएसपी की रैली के लिए बीएसपी कार्यकर्ताओं ने ताकत झोंक दी है। रैली के लिए परेड मैदान को नीले झंडे और बैनर से सजाया-संवारा जा रहा है। रविवार को तीन मंडलों के कार्यकर्ताओं की रैली होनी है।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बीवीएफ के एक हजार से ज्यादा प्रशिक्षित वॉलेंटियर मोर्चे पर रहेंगे। चार सितंबर को संगम की जमीं से बीएसपी सुप्रीमो मायावती चुनावी बिगुल फूकेंगी। कुल 68 विधानसभा से पांच से दस हज़ार कार्यकर्ता बुलाए गए हैं।

एलआइयू ने रैली में तीन मंडलों से डेढ़ लाख बीएसपी कार्यकर्ताओं की भीड़ आने की सूचना शासन को भेजी है। सभी जिलों से लगातार इसकी सूचनाएं मांगी जा रही हैं कि उनके यहां से कितने कार्यकर्ता आ रहे हैं।लाखों की संख्या में कार्यकर्ताओं के संभावना को देखते हुए उसके हिसाब से इंतज़ाम किए जा रहे हैं। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए भी इंतज़ाम हो रहे हैं। आने और जाने के लिए अलग-अलग गैलरी बनवाई जा रही हैं, ताकि भीड़ को किसी तरह की असुविधा न हो।

बीएसपी के इंतज़ाम पर प्रशासन की भी निगाह है। बीएसपी सुप्रीमो मायावती हेलिकॉप्टर से सीधे परेड मैदान में उतर सकती हैं, या फिर बमरौली एयरफोर्स स्टेशन से कार से परेड मैदान में पहुंचेंगी। गुरुवार को करछना के बीएसपी विधायक दीपक पटेल, जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र कुरील आदि पदाधिकारियों ने परेड मैदान का निरीक्षण किया। तैयारियों का जायज़ा लेने के बाद आसपास की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के लिए बहुजन वॉलेंटियर फोर्स (बीवीएफ) के सैकड़ों कार्यकर्ता तैनात होंगे। इसके अलावा यह भी निर्णय लिया गया कि परेड मैदान के मुख्य गेट से लेकर,वाहनों को पार्क कराने की भी ज़िम्मेदारी वॉलेंटियर के ही हाथ होगी, ताकि कार्यकर्ताओं को कोई असुविधा न हो।