महिला की मौत,  परिजनों का हंगामा

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 02 सितम्बर 2016, 4:59 PM (IST)

चित्तौडगढ़़। शहर के सेंती क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो जाने के बाद विवाहिता के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और उसके पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किए जाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सेंती क्षेत्र में रहने वाली रितु पत्नी नटवर रेगर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसे चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सालय में उसे मृत घोषित कर दिया गया और शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की। इस दौरान मृतका के पीहर पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और पोस्टमार्टम रूकवा दिया। एक बार तो पीहर पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। मृतका का पीहर निम्बाहेड़ा के बाड़ी क्षेत्र में है, वहीं अपने पति के साथ सेंती में रह रही थी। हंगामे की स्थिति देखते हुए पुलिस जाप्ता भेजा गया और पुलिस उप अधीक्षक गजेन्द्र जोधा भी अस्पताल पहुंचे। समझाईश के बाद मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया और कानूनी कार्यवाही का आश्वासन दिया। वही नगर परिषद् सभापति भी अस्पताल पहुंच कर लोगों से समझाईश की।