जोधपुर | वरिष्ठ पत्रकार एम.आर. मलकानी ने पत्रकार संगठनों के चुनाव समय पर कराए जाने को लेकर एक विचारोत्तेजक वक्तव्य जारी किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकार संगठनों के चुनाव समय पर होना निश्चित रूप से अच्छी और आवश्यक बात है, लेकिन व्यवहार में इसकी स्थिति कुछ और ही दिखाई देती है।
उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि जोधपुर में वर्तमान में लगभग 9 पत्रकार संगठन सक्रिय हैं, लेकिन शायद ही किसी एक संगठन के चुनाव निर्धारित समयावधि में हुए हों। उन्होंने विशेष रूप से जोधपुर प्रेस क्लब के चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पद पर पूर्व में स्वयं कल्ला साहब भी अध्यक्ष रह चुके हैं, लेकिन उस समय भी समय पर चुनाव को लेकर कोई विशेष पहल देखने को नहीं मिली।
वरिष्ठ पत्रकार मलकानी ने कहा कि अब जब श्री अजय अस्थाना को पहली बार अध्यक्ष पद का दायित्व मिला है, तो न केवल कुछ वरिष्ठ पत्रकारों बल्कि अन्य लोगों द्वारा भी सार्वजनिक रूप से आपत्तियों की झड़ी लगाई जा रही है, जो उचित प्रतीत नहीं होती। उनका कहना है कि यह श्री अजय का पहला कार्यकाल है और संभव है कि कुछ परिस्थितियाँ आड़े आ रही हों, जिन्हें आपसी संवाद से सुलझाया जा सकता था।
उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को सार्वजनिक मंचों और ग्रुपों में उछालने की बजाय संबंधित व्यक्ति से सीधे मिलकर समाधान निकालना अधिक गरिमापूर्ण तरीका होता है।
अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए मलकानी ने बताया कि उन्होंने अपने 45 वर्षों के पत्रकारिता जीवन में पत्रकार संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े रहने की कभी विशेष इच्छा नहीं रखी। उन्होंने एक बार जार संगठन में चुनाव लड़ा और पराजित भी हुए, लेकिन इसके बाद संगठनों की राजनीति से दूरी बनाए रखी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे न तो प्रेस क्लब के सदस्य हैं और न ही किसी पद की कोई लालसा रखते हैं। उन्होंने अपने वक्तव्य में यह भी कहा कि उन्होंने पूर्व में श्री राजेश त्रिवेदी एवं अन्य अध्यक्षों के कार्यकाल भी देखे हैं, जिनमें समय पर चुनाव को लेकर विवाद और कठिनाइयाँ सामने आई थीं।
अपने बयान के अंत में वरिष्ठ पत्रकार एम.आर. मलकानी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल इतना है कि पत्रकार, पत्रकारिता और पत्रकार संगठनों की गरिमा बनी रहे और संवाद व संयम के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकाला जाए।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे