- गिरिराज अग्रवाल -
जयपुर। राजस्थान रेरा (RERA) ने घर खरीदारों के हक में एक बेहद महत्वपूर्ण कानूनी नजीर पेश की है। अथॉरिटी ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि मामले के निपटारे के लिए किसी नए तथ्य या दस्तावेज की आवश्यकता है, तो बिल्डर उसे 'तकनीकी आधार' पर नहीं रुकवा सकता। 'न्याय प्रक्रिया' केवल कागजी औपचारिकताओं में नहीं उलझनी चाहिए, बल्कि उसका उद्देश्य खरीदार को उसका हक दिलाना होना चाहिए। रेरा चेयरपर्सन वीनू गुप्ता ने जयपुर के प्रसिद्ध प्रोजेक्ट 'कोरल ईवोक' (CORAL EVOQ) से जुड़े मामले में बिल्डर की आपत्तियों को दरकिनार करते हुए यह सख्त संदेश दिया है।
क्या है मामला?
यह विवाद इनाम बाबू खान बनाम राधाकृष्ण बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के बीच है। शिकायतकर्ता ने 'कोरल ईवोक' प्रोजेक्ट में अपने फ्लैट्स को लेकर बिल्डर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सुनवाई के दौरान, शिकायतकर्ता ने मामले को और स्पष्ट करने के लिए कुछ अतिरिक्त दस्तावेज और संशोधित दलीलें (Supplementary Pleadings) पेश करने की अनुमति मांगी। खरीदार का उद्देश्य था कि कोर्ट के सामने वस्तुस्थिति पूरी तरह साफ हो सके।
बिल्डर की आपत्ति और भारी जुर्माने की मांग:
बिल्डर के वकीलों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया। उनकी दलील थी कि सुनवाई अंतिम चरण में है और इस समय नई दलीलें शामिल करना 'नैसर्गिक न्याय' (Natural Justice) के सिद्धांतों के खिलाफ है। बिल्डर ने आरोप लगाया कि इससे शिकायत का मूल स्वरूप बदल जाएगा और शिकायतकर्ता पर भारी जुर्माना (Heavy Penalty) लगाया जाना चाहिए। बिल्डर का प्रयास था कि तकनीकी आधार पर इन दस्तावेजों को रिकॉर्ड पर न आने दिया जाए।
रेरा का फैसला:
रेरा चेयरपर्सन ने बिल्डर की इन सभी दलीलों को खारिज कर दिया। अथॉरिटी ने अपने आदेश में कहा कि "जब तक मामला अंतिम निर्णय तक नहीं पहुँचता, तब तक न्याय के हित में सुधार की गुंजाइश बनी रहती है।" कोर्ट ने माना कि तकनीकी भूलों या कमियों को सुधारने की अनुमति देना जरूरी है ताकि विवाद का पूर्ण, प्रभावी और न्यायपूर्ण समाधान हो सके।
कोर्ट ने दोटूक शब्दों में कहा कि इससे बिल्डर के अधिकारों का हनन नहीं होता, क्योंकि उन्हें इन नई दलीलों का जवाब देने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। इस फैसले ने उन बिल्डरों को सतर्क कर दिया है जो कानूनी पेचीदगियों का सहारा लेकर मामलों को लटकाने या खरीदारों को कमजोर करने की कोशिश करते हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई मेरिट के आधार पर होगी, जिसमें नए तथ्यों को भी शामिल किया जाएगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे