वाराणसी में डेंगू का कहर,दो की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 02 सितम्बर 2016, 12:54 PM (IST)

वाराणसी।बाढ़ के बाद अब बीमारियों की बाढ़ आई हुई है। इस समय बीमारियों के प्रकोप का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते पांच दिनों में डेंगू से 2 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरूवार को लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मेदान्ता अस्पताल, गुरूग्राम के लिए एयर एम्बुलेन्स से ले जाए जा रहे एक डेंगू के मरीज की मौत हो गई। स्थानीय पाण्डेय पुर के रहने वाले डॉ आशुतोष मिश्रा डेंगू से पीड़ित थे।

निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीज को मेदान्ता अस्पताल के लिए रेफर किया था। डाक्टरों के एक दल के साथ एयर एम्बुलेन्स के साथ वाराणसी पहुंची, मरीज को लेकर उड़ान के दौरान लखनऊ के आसपास ही रोगी की मौत हो गई। जिसके बाद शव को वापस बाबतपुर एयरपोर्ट लाया गया। इधर गाजीपुर जनपद के शुभम गोयल को डेंगू की चपेट में आने के कारण उनके परिजन उसे लेकर बीएचयू पंहुचे। जहां डॉक्टरों ने मरीज को राजकीय मण्डलीय चिकित्सालय को रेफर कर दिया। मरीज को डेंगू वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। राजकीय मण्डलीय चिकित्सालय के डॉ एससी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल की इमरजेन्सी में डेंगू के मरीजों के लिए कुल तीन बिस्तर के वार्ड को रिजर्व कर दिया गया है । वाराणसी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीबी सिंह के ने बताया कि जहां पर भी डेंगू लार्वा मिलने की पुष्टि हो रही है हम वहां तुरंत फॉगिंग करवा रहे हैं। उन्होंने ये भी बताया कि चिकित्सकीय व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त बनाने के लिए चिरईगांव, नरपतपुर और चोलापुर आदि इलाकों का निरीक्षण किया गया जो अन्य इलाकों में भी जारी रहेगा।