बसों पर लगे लगेज करियर को हटाने के आदेश पर, बस ऑपरेटर एसोसिएशन नाराज

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 15 दिसम्बर 2025, 6:37 PM (IST)

न्यायालय में रिट दाखिल करने की तैयारी, सरकार को भेजा नोटिस। भीलवाड़ा। राज्य में चल रही बसों के ऊपर लगे लगेज करियर को हटाने के संबंध में विगत दिनों राज्य सरकार ने आदेश जारी किया था। इसी आदेश के खिलाफ अब राज्य के बस ऑपरेटर अपने एसोसिएशन के माध्यम से सरकार के खिलाफ न्यायालय में रिट लगाने की तैयारी कर रही है। इस हेतु बस ऑपरेटर एसोसिएशन राजस्थान ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से राज्य सरकार के आयुक्त सचिव, एवं आयुक्त महोदय परिवहन विभाग राजस्थान सरकार को नोटिस भेजा है।
नोटिस में स्वराज लीगल एण्ड एसोसिएट्स जयपुर के अधिवक्ता नूपुर शर्मा एवं प्रखर शर्मा ने बताया कि हमारे मुवक्किल राजस्थान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित निजी स्टेज कैरिज बसों के संचालक/हितधारक हैं, जिन बसों में विगत अनेक वर्षो से लगेज कैरियर का सुरक्षित,सुव्यवस्थित विधिसम्मत उपयोग किया जा रहा है। कोड-153 के अन्तर्गत निजी बसों मे लगेज कैरियर पर लगाए गए प्रतिबंध के कारण आमजन को अपने सामान के परिवहन हेतु अतिरिक्त व्यय करना पड़ रहा है, जो उनकी आजीविका के अधिकार (अनुच्छेद 21, भारतीय संविधान) का प्रत्यक्ष उल्लंघन है। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम की धारा 5/21/ख के तहत प्रत्येक यात्री को 45 किलोग्राम तक सामान अपने साथ ले जाने का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में बसों पर लगेज कैरियर की व्यवस्था समाप्त कर दी जाती है तो यह विधि के उद्देश्य एवं मंशा के विपरीत होगा। यही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे व्यापारी बसों के माध्यम से सब्जियां व अन्य सामग्री शहर लाकर बेचते है। जिससे उनका घर चलता है जो सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के प्रतिकूल है।
नोटिस में यह भी बताया गया कि स्लीपर कोच बसों की ऊंचाई अधिक होने के कारण उन पर लगे करियर पर व्यावसायिक माल परिवहन करना गलत है, उन पर प्रतिबंध लगाना न्यायोचित हो सकता है.......? मगर स्टेट कैरिज बसों की ऊंचाई कम होने के कारण उन पर यह प्रतिबंध लगाना असंगत एवं भेदभावपूर्ण है। नोटिस में बस आॅपरेटर एसोसिएशन राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष सत्यनारायण साहू एवं प्रदेश महामंत्री रवि प्रकाश सैनी ने मांग की है कि राज्य सरकार अपना आदेश वापिस नहीं लेती है तो माननीय उच्च न्यायालय में रिट दायर की जायेंगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे