चंडीगढ़। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों को रूफटॉप सोलर (RTS) लगाने के लिए किसी भी प्रकार की जबरदस्ती या दंडात्मक कार्रवाई लागू करने का निर्देश नहीं दिया गया है। नई एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) ने कहा कि बिल्डिंग बायलॉ में ऐसे संशोधन—जैसे संपत्ति के पंजीकरण या कन्वेयंस डीड रद्द करने की धमकी—नागरिकों की संवैधानिक स्वतंत्रता के खिलाफ होंगे और मंत्रालय ने ऐसे कोई आदेश जारी नहीं किए हैं।
संसद में पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्रालय ने बताया कि 31 अक्टूबर 2025 तक देश में 22.42 गीगावाट रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित हो चुकी है। चंडीगढ़ के 6,606 सरकारी भवनों पर 52.825 मेगावॉट, हरियाणा में 4.82 मेगावॉट और पंजाब में 34 मेगावॉट क्षमता के RTS प्लांट लगाए गए हैं।
डड्डूमाजरा WTE प्लांट वर्षों तक मुकदमों में फंसा रहा
चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा में वेस्ट-टू-एनर्जी (WTE) प्लांट के लंबे समय से न बनने पर, नगर निगम चंडीगढ़ (MCC) ने बताया कि 2004 से 2020 तक प्लांट विभिन्न अदालती विवादों में उलझा रहा। इसी कारण कोई बड़ा पुनर्गठन या नया पूर्ण WTE प्लांट स्थापित नहीं किया जा सका।
फिलहाल डड्डूमाजरा साइट पर गीले और सूखे कचरे की प्रोसेसिंग चल रही है और सूखे कचरे से रिफ्यूज़-डिराइव्ड फ्यूल (RDF) तैयार किया जा रहा है, जिसे WTE प्रोसेसिंग का मान्य रूप माना गया है। MCC वर्तमान में 200 MTD सूखा कचरा और मिक्स्ड वेस्ट प्रोसेसिंग सुविधा संचालित कर रहा है।
IOCL के साथ नई CBG परियोजना शुरू
डड्डूमाजरा के कूड़े के पहाड़ को खत्म करने की दिशा में एक बड़ी पहल के तौर पर, MCC और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के बीच हाल ही में एक MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड पर 230 MTD जैविक कचरे को प्रोसेस कर कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट स्थापित किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना चंडीगढ़ के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को बढ़ावा देगी और डड्डूमाजरा लैंडफिल के बोझ को काफी हद तक कम करने में मदद करेगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे