विधानसभा सत्र:पहले दिन ही बरसी कांग्रेस,कार्यवाही शुक्र तक स्थगित

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 01 सितम्बर 2016, 4:09 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को शुरू हुए मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने हंगामा कर दिया। सरकार की ओर से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संविधान संशोधन विधेयक के अनुमोदन के लिए समय से पहले बुलाए गए इस सत्र में कई मुद्दों पर विपक्ष ने आवाज उठाई। प्रतिपक्ष ने सरकार से जयपुर के पूर्व राजपरिवार के राजमहल के द्वार बंद करने, प्रदेश की कथित रूप से बिगड़ती कानून-व्यवस्था, हिंगोनिया गोशाला में गायों की मौत, डेल्टा मेघवाल प्रकरण की सीबीआई जांच समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग की।

विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने विपक्षी सदस्यों की बात अनसुनी कर दी और इस पर कोई व्यवस्था नहीं दी। संसदीय कार्यमंत्री राजेन्द्र राठौड ने प्रतिपक्ष सदस्यों से कहा कि सरकार नियम के तहत चर्चा करवाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष मेघवाल ने पूर्व राज्यपाल एआर किदवई, राजस्थान के पूर्व राज्यमंत्री हरि सिंह कुम्हेर, हरलाल सिंह खर्रा, एक पूर्व विधायक समेत पांच लोगों के निधन पर अपनी और सदन की ओर से श्रद्वाजंलि देने के बाद सदन की बैठक शुक्रवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी।

नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने प्रदेश की हिंगोनिया गौशाला में सैकड़ों गायों की मौत, प्रदेश की बिगडती कानून व्यवस्था, कुख्यात फरार अपराधी आनंद पाल सिंह, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, एचआरएम खान विभाग में करोडों रुपए के भ्रष्टाचार के आरोप, दलित छात्रा डेल्टा मेघवाल हत्या मामले की सीबीआई जांच करवाने पर अध्यक्ष से चर्चा करवाने की मांग की, लेकिन अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने इसे अनसुना कर दिया। नेता प्रतिपक्ष के अलावा डाॅ. किरोड़ी लाल मीणा, निर्दलीय विधायक हनुमान बेनीवाल कांग्रेस के गोविन्द डोटासरा समेत अन्य कई विपक्षी विधायक लगातार सरकार पर हल्ला बोलते रहे, लेकिन अध्यक्ष ने उनकी ओर ध्यान नहीं दिया। सदन में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इस दौरान मौजूद थे।