साइबर सिटी गुड़गांव का ये हाल देखा है क्या...

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 01 सितम्बर 2016, 1:10 PM (IST)

साइबर सिटी गुड़गांव, जहां देश-विदेश की कंपनियों के हज़ारों दफ़्तर, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हजारों कर्मचारी और आज उसकी हालत क्या है आप ख़ुद देखिए......

गुड़गांव- जिस शहर में हर तरह की सुविधा होने के बावजूद एक बारिश से भारी ट्रैफ़िक जाम की हालत बन जाती है । सुबह से ही सड़कों पर गाड़ियां रेंगने लग जाती हैं। जाम के चलते लोगों को दफ़्तर जाने और वापस आने में काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस तरह के हालात से साईबर सीटी को कैसे मिलेगी निजात

गुड़गांव में जाम की सबसे बुरी हालत है। आज सुबह से ही गुड़गांव में बारिश होती रही। दिल्ली से मानेसर तक जाम की स्थिति बनी हुई है। गुड़गांव के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है, जिससे गुड़गांव के अंदरूनी इलाकों में भी पानी भरने लगा है।

प्रशासन ने लोगों को मेट्रो से चलने की सलाह दी है। सड़कों पर पानी भरा पड़ा है, गुड़गांव पुलिस ने भारी बारिश के बाद जलभराव की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर सैकड़ों यात्रियों के फंसने की वजह से यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।

गुड़गांव पुलिस ने ट्वीट कर दी सलाह, "दिल्ली से गुड़गांव आ रहे लोगों को आज यहां नहीं आने की सलाह दी गई है, क्योंकि सड़कों पर जलभराव से यातायात पूरी तरह बाधित है।"

पुलिस के मुताबिक, "गुड़गांव में विशेष रूप से एनएच8 पर जलभराव की वजह से यातायात की स्थिति ख़राब है। यदि संभव हो तो इससे बचें।" पुलिस ने कहा कि यातायात की स्थिति में दोपहर से पहले सुधार होने की कोई गुंजाइश नहीं है।