व्हाट्सएप पॉलिसी परHCका केंद्र को नोटिस

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 31 अगस्त 2016, 1:38 PM (IST)

नई दिल्ली। व्हाट्सएप ने अपने यूजर्स का डेटा अपनी पैरंट कंपनी फेसबुक के साथ शेयर करने का फैसला किया है, जिस पर यह मामला दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। भारत में व्हाट्सएप यूजर्स में काफी निराशा का माहौल है। लेकिन, अब यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच चुका है। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले पर अब केंद्र सरकार को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। दो यूजर्स द्वारा दाखिल याचिका पर चीफ जस्टिस जी. रोहिणी और जस्टि संगीता ढींगरा ने केंद्र को नोटिस भेजा है।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि वॉट्सऐप, फेसबुक इंक और फेसबुक इंडिया ऑनलाइन प्राइवेट लिमिटेड की नई पॉलिसी यूजर्स के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करती है। कर्मण्य सिंह सरीन और श्रेया सेठी की इस याचिका पर हाई कोर्ट ने मामले की पड़ताल करने की इच्छा जताते हुए संबंधित विभागों से 14 सितंबर तक जवाब देने को कहा है।

याचिका के मुताबिक 7 जुलाई, 2012 से अब तक जो वॉट्सऐप की प्रिवेसी पॉलिसी चली आ रही थी, उसे 25 अगस्त को बदल दिया गया। नई पॉलिसी यूजर्स के अधिकारों के साथ समझौता करती है और उनके प्रिवेसी राइट्स को खतरे में डालती है।

दरअसल 25 सितंबर से लागू होने वाली इस पॉलिसी के बाद यूजर्स की डीटेल्स और डेटा के प्रॉटेक्शन वाला फीचर हटा दिया जाएगा। इसके बाद वॉट्सऐप इन जानकारियों को फेसबुक या अपने ग्रुप की संभी कंपनियों के साथ शेयर कर सकता है। यह जानकारी कमर्शन ऐडवर्टाइजिंग और मार्केटिंग में भी इस्तेमाल की जा सकती है।