बिलासपुर में बड़ा ट्रेन हादसा : पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर, 6 लोगों की मौत की खबर

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 04 नवम्बर 2025, 5:25 PM (IST)

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार दोपहर भीषण रेल हादसा हो गया। कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी की जोरदार टक्कर में छह लोगों की मौत होने की खबर है। दस लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। हादसा बिलासपुर–कटनी रेल सेक्शन के लाल खदान इलाके में हुआ।





टक्कर इतनी तेज थी कि कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए और इलेक्ट्रिक लाइन व सिग्नल सिस्टम भी टूटकर बिखर गए, जिसके चलते पूरे सेक्शन में रेल संचालन तुरंत रोक दिया गया है।






रेस्क्यू जारी, मासूम बच्चे को सुरक्षित निकाला गया





हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, RPF, GRP और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँच गईं। मलबे में फँसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।एक मासूम बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया है।





कई ट्रेनें रद्द और रूट बदलें






हादसे के बाद बिलासपुर–कटनी रेल लाइन पूरी तरह ठप हो गई है। कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है जबकि कुछ का रूट डायवर्ट किया गया है।
रेलवे की मेडिकल यूनिट और डिविजनल अधिकारी मौके पर तैनात हैं।






वरिष्ठ अफसर मौके पर





बिलासपुर के SP रजनेश सिंह और कलेक्टर भी घटनास्थल पर पहुँच गए हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे