अलवर का वकार उर्फ वक्की हत्याकांड : मुख्य आरोपी सहित 3 गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 01 नवम्बर 2025, 7:45 PM (IST)

गोविन्दगढ़ पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर ही सुलझाया मामला, निजी रंजिश में हुई थी वारदात
अलवर। अलवर जिले में जघन्य अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलवर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोविन्दगढ़ थाना क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी सहित कुल तीन अभियुक्तों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। इस सफल कार्रवाई को जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका और वृताधिकारी लक्ष्मणगढ़ कैलाश जिन्दल के सुपरविजन में अंजाम दिया गया।
अलवर एसपी चौधरी ने बताया कि यह घटना 29 अक्टूबर की सांय लगभग 8:00 बजे गोविन्दगढ़ के रामबास क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास हुई थी। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष ने वकार उर्फ वक्की नामक युवक की हत्या कर दी थी। इस संबंध में 30 अक्टूबर को गोविन्दगढ़ थाने में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत अनुसंधान शुरू कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी बनेसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने गहनता से अनुसंधान करते हुए घटना के मात्र 48 घंटे के भीतर शुक्रवार को हत्या के मुख्य आरोपी छेलबिहारी सैनी पुत्र नारायण लाल (30) निवासी कामां डीग हाल किरायेदार रामबास गोविन्दगढ़ सहित रविन्द्र सैनी पुत्र मिठ्ठू राम (32) और राजेश सैनी पुत्र मिठ्ठू राम (21) निवासी सैनी मौहल्ला रामबास गोविन्दगढ़ को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे