गो तस्करी करते तीन पकड़े, चालक फरार

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 30 अगस्त 2016, 6:43 PM (IST)

टोंक। जिले की पचेवर पुलिस ने मंगलवार को गोवंश से भरी एक पिकअप जब्त कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को पचेवर से स्याह मार्ग पर पुलिस की गाड़ी को देख पिकअप चालक ने अपनी गाड़ी दौड़ा दी। इस पर पुलिस ने काफी दूरी तक पिकअप का पीछा किया।

चालक के रास्तों से अनजान होने के कारण पिकअप एक स्थान पर कीचड़ में फंस गई। पुलिस ने पिकअप को घेर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान पिकअप का चालक भाग छूटा। पुलिस ने पिकअप में भरे पांच व्यस्क बछड़ों को नीचे उतारा और पिकअप जब्त कर ली। पिकअप में सवार बनवारी पुत्र बदरी बागरिया, सीताराम पुत्र रामचन्द्र बागरिया निवासी बागरियों की ढाणी-बंंबोरी थाना डिग्गी, मूलचंद पुत्र रामफूल बागरिया निवासी ढाणी बागरिया तन सोडा थाना डिग्गी को गिरफ्तार किया हैं। पूछताछ में उन्होंने अवैध रूप से गोवंश की तस्करी के लिए ले जाना स्वीकार किया है।