एसआईआर गतिविधियां हो समयबद्ध, रखें पूर्व तैयारी: सुराणा

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025, 6:05 PM (IST)

चूरू। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा ने मंगलवार को डीओआईटी वीसी सभागार से चूरू जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों व बीएलओ को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम— 2025 को लेकर समुचित निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के निर्देशानुसार एसआईआर के दौरान सभी गतिविधियां समयबद्ध ढंग से संपादित की जाएं तथा अधिकारी, कर्मचारी व बीएलओ पूर्व तैयारियां सुनिश्चित कर लें।

जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने बीएलओ मैपिंग व मतदाता मैपिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन गतिविधियों से जुड़े सभी अधिकारी, कर्मचारी मुस्तैद रहते हुए निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि बूथवार मतदाताओं की मैपिंग आदि निर्धारित गतिविधियां कार्यक्रम के अनुसार शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करें।

सुराणा ने बीएलओ को निर्देश दिए कि सभी बीएलओ ऐप एवं पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि की शुद्धता पर ध्यान दें और फील्ड स्तर पर सत्यापन कार्य करते समय स्थानीय मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करें। एसआईआर के दौरान विभिन्न गतिविधियों की समयबद्ध क्रियान्विति के लिए आवश्यक है कि बीएलओ अपने बूथ के मतदाताओं से संबंधित जानकारी के बारे में स्पष्ट रहें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर निर्वाचन संबंधी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाए और मतदाता जागरूकता गतिविधियों को भी गति दी जाए।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) अर्पिता सोनी, गोविंद राहड़ सहित अन्य मौजूद रहे तथा वीसी के जरिए सभी विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी व बीएलओ जुड़े रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे