नई दिल्ली। अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य सुब्रह्मण्यम स्वामी का अब नया टारगेट दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग हैं। हालांकि स्वामी ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को भी निशाने पर लिया है। वैसे नजीब जंग दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निशाने पर रहते हैं, लेकिन इस बार वह भाजपा के ही वरिष्ठ नेता के निशाने पर हैं। स्वामी का कहना है कि जंग राष्ट्रीय राजधानी को चलाने के काबिल नहीं हैं। इससे पहले ट्वीटर पर स्वामी पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन की आलोचना कर उन पर निशाना साधते रहे हैं।
सुब्रह्मण्यम स्वामी ने जंग और केजरीवाल, दोनों पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है। इस ट्वीट में उन्होंने दोनों के लिए 420 जैसे शब्द का प्रयोग भी किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि मेरी राय में मिस्टर जंग इस हाई पोस्ट के लिए अनुपयुक्त हैं। वह भी केजरीवाल की तरह 420 हैं। हम दिल्ली में संघ का व्यक्ति चाहते हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब सुब्रह्मण्यम स्वामी ने एलजी नजीब जंग को हटाने की मांग की है, वह इससे पहले भी उन्हें निशाने पर ले चुके हैं। जब महेश गिरि सीएम केजरीवाल के घर के बाहर अनशन पर बैठे थे तब भी उन्होंने जंग पर हमला बोला था और गृहमंत्री राजनाथ सिंह से उन्हें हटाने की मांग की थी।
जून में दिल्ली में शासन व्यवस्था के कथित तैार पर चरमराने के संबंध में स्वामी ने राष्ट्रपति को पत्र लिखा था। पत्र में दिल्ली के सीएम केजरीवाल और उपराज्यपाल नजीब जंग स्वामी के निशाने पर थे।
स्वामी ने अपने सूत्रों से दावा किया था कि नजीब जंग कांग्रेस नेता अहमद पटेल के करीबी हैं और वह उनसे पूछ कर दांव चल रहे हैं। नजीब जंग कांग्रेस के समय पर ही उपराज्यपाल बनाए गए थे। केंद्र में मोदी सरकार आने पर कई पुराने राज्यपाल हटा दिए गए लेकिन नजीब अपनी जगह बचाए रखने में सफल रहे थे।