जातरुओं से भरा ट्रैक्टर पलटा, 6 की मौत, 20 घायल

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 30 अगस्त 2016, 2:15 PM (IST)

भीलवाड़ा। जिले में मंगलवार को रामदेवरा तीर्थ जा रहे 30 जातरुओं से भरा एक ट्रैक्टर पलट जाने से छह लोगों की घटनास्थान पर ही मौत हो गई। हृदय विदारक इस हादसे में दो दर्जन जातरू घायल हो गए। घायलों को माण्डल के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रामदेवरा जा रहे थे

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योतिस्वरूप शर्मा ने बताया की झालावाड़ के बकानी पुलिस थाना क्षेत्र के लोधा समाज के 30 महिला-पुरुष एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार हो कर रामदेवरा तीर्थ जैसलमेर जा रहे थे। भीलवाड़ा मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर ब्यावर मार्ग पर माण्डल तालाब के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन महिलाओं और तीन पुरुषों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दो घायलों की अस्पताल में मौत

हादसे के घायलों को समीप के माण्डल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां गंभीर रूप से घायल दो लोगों की इलात के दौरान मृत्यु हो गई। भीलवाड़ा की जिला कलक्टर टीना कुमार तथा पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन भी दुर्घटनास्थल पहुंचे और अस्पताल जाकर घायलों के इलाज के लिए मेडिकल टीम को दिशा-निर्देश दिए।