आय से अधिक संपत्ति का मामला : एसोसिएट प्रोफेसर के लॉकर से मिला ₹72 लाख का सोना

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2025, 4:01 PM (IST)

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जयपुर इकाई ने अपने "ऑपरेशन भू-देव" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आय से अधिक संपत्ति के मामले में इन्दिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान, जयपुर के एसोसिएट प्रोफेसर रामअवतार मीणा के बैंक लॉकर की तलाशी ली। इस तलाशी के दौरान 560 ग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 72 लाख रुपए आंकी गई है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि रामअवतार मीणा के खिलाफ दर्ज प्रकरण संख्या 270/2025 (आय से अधिक संपत्ति) के तहत उनके विभिन्न ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। इस दौरान एक लॉकर की चाबी मिली थी। आज 17.10.2025 को एसीबी जयपुर नगर प्रथम इकाई ने भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की इन्दिरा गांधी नगर शाखा स्थित लॉकर की तलाशी ली।
लॉकर से बरामद 560 ग्राम सोने की वैल्यूएशन करवाई गई, जिसमें इसकी कीमत 72 लाख रुपये बताई गई है। एसीबी अधिकारी ने बताया कि रामअवतार मीणा के एक निर्माणाधीन मकान की वैल्यूएशन भी करवाई जा रही है, जिसमें और अधिक बेनामी संपत्ति सामने आने की संभावना है। एसीबी की कार्रवाई अभी जारी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे