न्यूयॉर्क। दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक और स्पेनिश स्टार राफेल नडाल ने अपने-अपने मैच जीतकर साल के चौथे व अंतिम ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। खिताब का बचाव करने उतरे शीर्ष वरीय जोकोविक को काफी पसीना बहाना पड़ा। जोकोविक ने पोलैंड के जर्जी जांकोविच को 6-3, 5-7, 6-2, 6-1 से से हराया।
वर्ष की बेहतरीन शुरूआत करने वाले जोकोविक इस वर्ष ऑस्ट्रेलियन और फ्रेंच
ओपन जीत चुके हैं लेकिन 12 ग्रैंडस्लैम अपने नाम रखने वाले सर्बियाई खिलाड़ी
की लगातार खेलने से फॉर्म और फिटनेस प्रभावित हुई है और इसी वजह से वे
विंबलडन के तीसरे जबकि रियो ओलंपिक में पहले ही दौर में बाहर हो गए थे।
नडाल
और जर्मनी की एंजेलिक कर्बर भीषण गर्मी के बीच दूसरे दौर में पहुंच गए,
जबकि फ्रेंच ओपन चैंपियन गार्बाइन मुगुरूजा को डॉक्टर की सेवाएं लेनी पड़ी।
वर्ष 2010 और 2013 के चैम्पियन नडाल ने पहले दौर में उजबेकिस्तान के डेनिस
इस्तोमिन को 6-1, 6-4, 6-2 से हराया। अब उनका सामना इटली के आंद्रियास
सेप्पी से होगा।
दूसरी वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैम्पियन कर्बर
उस समय स्लोवेनिया की पोलोना हर्कोग से 6-0, 1-0 से आगे चल रही थी तब
स्लोवेनियाई खिलाड़ी ने कोर्ट छोड़ दिया। स्पेन की तीसरी वरीयता प्राप्त
मुगुरूजा ने बेल्जियम की क्वालीफायर एलिसे मर्टेंस को 2-6, 6-0, 6-3 से
हराया। महिला एकल में पहले ही दिन बड़ा उलटफेर हो गया और रियो ओलंपिक की
स्वर्ण पदक विजेता प्यूर्टो रिको की मोनिका पुइग हार गईं। पुइग को चीन की
झेंग साईसाई ने 6-4, 6-2 से मात दी।
पहले दौर में हारे भारत के साकेत मायनेनी
भारत
के साकेत मायनेनी पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर में हार गए हैं। मायनेनी ने
हालांकि विश्व के नौवें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी चेक गणराज्य के जिरी वेस्ले
के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखाया। वे यह मैच 6-7 (5), 6-4, 6-2, 2-6, 5-7 से
हारे। कोर्ट संख्या-9 पर यह मैच तीन घंटे 47 मिनट चला। इस मैच के दौरान
मायनेनी चोटिल भी हुए।
उनकी मांसपेशियों में खिंचाव था। मायनेनी ने
क्वालीफाईंग के जरिए मुख्य दौर में जगह बनाई थी। तीसरे और अंतिम
क्वालीफाईंग मैच में मायनेनी ने शनिवार को सर्बिया के पेड्जा क्रिस्टीन को
6-3, 6-0 से हराया था। क्वालीफाईंग में मायनेनी ने एक सेट भी नहीं गंवाया
था।