अनियंत्रित बस ने पति-पत्नी व पुत्र को कुचला, तीनों की मौत

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 30 अगस्त 2016, 10:56 AM (IST)

भीलवाड़ा। जिले के गुलाबपुरा थाना अंतर्गत गुजरने वाले नेशनल हाइवे 79 पर रूपाहेली चौराहे के पास राजस्थान लोक परिवहन सेवा की अनियंत्रित बस ने बाइक सवार पति-पत्नी तथा पुत्र को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद पलट गई बस

गुलाबपुरा थानाधिकारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि रूपाहेली भट्टे के पास एक बस पलट गई है। पुलियसस मौके पर पहुंची तो प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भीलवाड़ा से अजमेर की तरफ आ रही लोक परिवहन की बस ने अनियंत्रित होकर गलत दिशा में जाकर भीलवाड़ा की तरफ जा रही बाइक का टक्कर मार दी।

रामदेवरा से आ रहे थे मृतक

बाइक सवार पति-पत्नी व पुत्र रामदेवरा से मध्यप्रदेश की ओर जा रहे थे। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच तीनों शवों को गुलाबपुरा स्थित सामुदायिक चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया।

एक दर्जन यात्री भी घायल

वहीं इस हादसे में लोक परिवहन की बस के पलटने से बस में सवार लगभग एक दर्जन यात्री घायल हो गए। जिनको प्राथमिक उपचार के लिए गुलाबपुरा अस्पताल लाया गया।