बनारस।बाढ़ का पानी लगातार घट रहा है और केन्द्रीय जल आयोग की सूचना के अनुसार अब इसके बढ़ने के संकेत नहीं है। इलाहाबाद से लेकर बलिया तक हर जगह गंगा का बढ़ा हुआ जलस्तर घट रहा है। गंगा का जलस्तर कम होते ही बनारस में कूड़े कचरे का अम्बार लग गया है।जबकि बनारस से ही प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन की शुरुआत की थी। गंदगी का अंबार कहीं ना कहीं प्रधानमंत्री जी के स्वच्छता मिशन के दावों की पोल खोल रहा है।
वरूणा नदी के भी बढ़े हुए जलस्तर में कमी आने की वजह से किनारे पर बने कॉरीडोर का अस्तित्व भी कूड़ेदान सा नज़र आने लगा है। कुल मिलाकर वाराणसी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। बीमारियों के फैलने के ख़तरे को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हालात पर क़ाबू पाने तक सभी मेडिकल, पैरा-मेडिकल स्टाफ़ की छुट्टियों को फ़िलहाल रद्द कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी बी सिंह के मुताबिक बाढ़ पीड़ित मरीज़ों के बढ़ने की आशंका को देखते हुए ज़िले के ट्रस्टी अस्पतालों में भी उपचार की व्यवस्था की गई है। डॉ. सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के आयुर्वेदिक अस्पताल में भी 75 बेडरूम रिज़र्व किया गया है।